Jamshedpur : आज़ाद नगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज चोरी (Azad Nagar Theft) की घटना सामने आई है। बागान शाही रोड नंबर 7, क्रॉस रोड नंबर 3 स्थित वकार अनवर के घर में अज्ञात चोरों ने करीब चार लाख रुपये के सोने के गहने पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात (Azad Nagar Theft) के दौरान पूरा परिवार घर में ही मौजूद था, लेकिन किसी को किसी तरह की आहट तक महसूस नहीं हुई।
सुबह जब परिवार जागा तो मेन गेट का ताला खुला मिला और चाबी डाइनिंग टेबल पर पड़ी हुई थी, जबकि रात में इसे सुरक्षित स्थान पर रखा गया था। घर की अलमारी से एक सोने का नेकलेस, दो ईयररिंग्स और एक अंगूठी गायब थी। गहनों का खाली डिब्बा आंगन में फेंका हुआ मिला।
सूचना पाते ही आज़ाद नगर पुलिस टीम फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा मोहल्ले के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। वकार अनवर ने बताया कि परिवार इस घटना से सदमे में है और सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित है। उन्हें उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरी हुए गहनों को बरामद करेगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।




