Jamshedpur (Jharkhand) : पूर्वी सिंहभूम जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मानगो थाना पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के (Mango Brown Sugar Arrest) कब्जे से कुल 64 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसका वजन करीब 4.93 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा 530 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 की शाम वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट एरिया में ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलने के बाद नगर पुलिस अधीक्षक (Mango Brown Sugar Arrest) के निर्देशन में तत्काल छापेमारी की रणनीति तैयार की गई।
सहायक पुलिस अधीक्षक (गु.-1), पूर्वी सिंहभूम के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने मानगो थाना पुलिस और सशस्त्र बल के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। रात करीब आठ बजे एक शेड के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े मिले। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान मनमीत सिंह (20), निवासी खानकाह, कुँवर सिंह रोड, ओलीडीह तथा आनंद राज विद्यार्थी उर्फ जोटी (24), निवासी आदर्श नगर रोड नंबर-4, डिमना रोड, ओलीडीह के रूप में हुई है।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर मनमीत सिंह के पास से 36 पुड़िया ब्राउन शुगर और 310 रुपये नकद मिले। वहीं, आनंद राज विद्यार्थी के पास से 28 पुड़िया ब्राउन शुगर और 220 रुपये नकद बरामद किए गए। इस तरह पुलिस ने कुल 64 पुड़िया मादक पदार्थ और 530 रुपये जब्त किए।
इस मामले में मानगो थाना कांड संख्या 224/2026, दिनांक 1 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(4) और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
इसे भी पढ़ें :Jamshedpur Potters: आधुनिकता की चमक में खो रही कुम्हारों के चाक की रफ्तार, जमशेदपुर में पुश्तैनी पेशे पर मंडराया संकट
ऑपरेशन प्रहार के तहत हुई इस कार्रवाई को जमशेदपुर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




