Jamshedpur (Jharkhand) : घर की छत पर सोलर पैनल लगाने और बिजली बिल का बोझ कम करने का संदेश अब मनोरंजन के जरिये भी लोगों तक पहुंचाया (Jamshedpur Tata Power) जाएगा। टाटा पावर ने रूफटॉप सोलर के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए छह एपिसोड की माइक्रो ड्रामा सीरीज ‘तेरी छत, मेरी छत!’ लॉन्च की है। इसमें पारिवारिक रिश्तों, घरेलू नोकझोंक और हास्य के माध्यम से सौर ऊर्जा के फायदे समझाने की कोशिश की गई है।
सीरीज की कहानी सिंह परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। परिवार का बेटा राघव हाल ही में वर्क फ्रॉम होम की नौकरी शुरू करता है। लेकिन बार-बार बिजली कटने और अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण उसके काम पर असर पड़ने लगता है। इससे परेशान होकर परिवार घर की छत पर सोलर पैनल (Jamshedpur Tata Power) लगाने का फैसला करता है। इसका मकसद बिजली की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ बढ़ते बिजली बिल को भी कम करना है।
कहानी में दिलचस्प मोड़ तब आता है, जब संयुक्त परिवार की छत के बीच बनी दीवार और एक तरफ पड़ने वाली छाया के कारण सोलर पैनल लगाने के लिए दोनों घरों को साझा व्यवस्था करनी पड़ती है। ऐसे में परिवार की दो बहुओं पुष्पा और कमला को अपने आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ आना पड़ता है।
सीरीज में मनोरंजन के साथ रूफटॉप सोलर को लेकर उपभोक्ताओं के मन में उठने वाले सवालों को भी जगह दी गई है। इसमें बताया गया है कि मानसून के दौरान तेज बारिश और तूफान में सोलर पैनल कितने सुरक्षित रहते हैं, बैटरी स्टोरेज किस तरह काम करता है और सोलर सिस्टम लगाने से बिजली बिल में कितनी बचत हो सकती है।
टाटा पावर की इस पहल का उद्देश्य सौर ऊर्जा को आम घरों तक पहुंचाना और इसे अपनाने की प्रक्रिया को आसान बनाना है। कंपनी के मुताबिक, टाटा पावर सोलारूफ के तहत देश के 550 से अधिक शहरों और क्षेत्रों में पांच लाख से ज्यादा रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन किए जा चुके हैं। इनकी कुल स्थापित क्षमता 5.6 गीगावाट पीक से अधिक है।
टाटा पावर के चीफ कॉरपोरेट कम्युनिकेशन एंड ब्रांडिंग ज्योति कुमार बंसल ने कहा कि रूफटॉप सोलर को आमतौर पर तकनीकी विषय के रूप में देखा जाता है। कंपनी ने इस सीरीज के जरिये इसे लोगों के रोजमर्रा के जीवन और पारिवारिक बातचीत का हिस्सा बनाने की कोशिश की है। इसका मकसद बिना उपदेश दिए मनोरंजन के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा का संदेश पहुंचाना है।
बीसी वेबवाइज द्वारा विकसित और रुखसाना तबस्सुम के निर्देशन में बनी इस सीरीज में छह एपिसोड हैं। प्रत्येक एपिसोड की औसत अवधि तीन मिनट है, जबकि पूरी सीरीज लगभग 17 मिनट की है। इसकी शुरुआत 29 अक्टूबर 2026 को हुई। इसे फेसबुक, यूट्यूब शॉर्ट्स, इंस्टाग्राम और टाटा पावर के ‘घर-घर सोलर’ फेसबुक कम्युनिटी पर देखा जा सकता है।




