Jamshedpur : साकची में धालभूम क्लब में बुधवार को लॉयर्स डिफेंस की तरफ से महान विभूति देश रत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर अधिवक्ता दिवस (Jamshedpur Advocate Day) मनाया गया। इस अवसर पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का विषय था— “वर्तमान समय में अधिवक्ताओं की समझ एवं उनकी भूमिका”।
(Jamshedpur Advocate Day) प्रोग्राम के चीफ गेस्ट झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन राजेश कुमार शुक्ला थे। इसके साथ ही जमशेदपुर जिला बार संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं महासचिव तथा तदर्थ समिति के अध्यक्ष लाला अजीत कुमार अम्बष्ट, वरिष्ठ अधिवक्ता जयप्रकाश, जितेंद्र सिंह और वर्तमान महासचिव कुमार राजेश रंजन मंच पर थे।
कार्यक्रम का संचालन लॉयर्स डिफेंस के अध्यक्ष अधिवक्ता परमजीत कुमार श्रीवास्तव ने किया, जबकि अधिवक्ता अमित कुमार ने सभी मेहमानों का स्वागत किया। अधिवक्ता अक्षय कुमार झा ने अधिवक्ताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की।
पांच प्रस्ताव पारित
अधिवक्ता परमजीत कुमार श्रीवास्तव ने अधिवक्ताओं के हित में पांच महत्वपूर्ण प्रस्ताव सभागार में रखे—
1. अधिवक्ताओं के आवास हेतु भूमि आवंटन
2. एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट जल्द लागू किया जाए
3. नए व पुराने कोर्ट में प्रपत्र बिक्री का अधिकार जिला बार संघ को मिले
4. मेडिकल सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जाएं
5. अधिवक्ताओं की विभिन्न मांगों पर ठोस निर्णय लिया जाए
चीफ गेस्ट राजेश कुमार शुक्ला ने घोषणा की कि लॉयर्स डिफेंस को झारखंड स्टेट बार काउंसिल की तरफ से मनोनीत किया जाता है और उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि अधिवक्ता परमजीत कुमार श्रीवास्तव और अक्षय कुमार झा को एडवोकेट्स वेलफेयर फंड ट्रस्टी कमेटी में पेंशन समिति के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक अधिवक्ताओं को लाभ मिल सके।
महासचिव कुमार राजेश रंजन ने कहा कि वह लॉयर्स डिफेंस के कार्यों से सैटिसफाइड हैं और भविष्य में भी उनके साथ मिलकर अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए काम करेंगे।
अंत में अधिवक्ता अनंत (कार्यकारिणी सदस्य) ने धन्यवाद ज्ञापन किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके बाद सभी अधिवक्ताओं ने भोजन का आनंद लिया।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में संविधान दिवस पर लॉयर्स डिफेंस का संकल्प, प्रस्तावना पढ़कर राष्ट्रीय एकता का लिया वचन
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अधिवक्ता नवीन प्रकाश, विनोद कुमार मिश्रा, अमित कुमार, अक्षय कुमार झा, राजीव रंजन, रविंद्र कुमार, नीरज कुमार, विद्युत नंदी, आशीष कुमार दत्ता, दीपक सिंह, संजीव कुमार झा सहित कई सदस्यों का योगदान रहा। प्रोग्राम में लगभग 500 से अधिक अधिवक्ता मौजूद रहे।




