14 अगस्त को सांस्कृतिक संध्या और 15 अगस्त को फ्रेंडली फुटबॉल मैच भी होगा
Jamshedpur (Jharkhand) : पूर्वी सिंहभूम में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन को भव्य और गरिमामय बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान कहा गया कि इस वर्ष का मुख्य समारोह बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित होगा। (Independence Day Celebration Jamshedpur)
बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त की सुबह 9:05 बजे गोपाल मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। आयोजन की संपूर्ण जिम्मेदारी उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में गठित समिति को सौंपी गई है। वहीं 14 अगस्त की शाम सिद्धगोड़ा टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों को 14 अगस्त को उनके घर जाकर शॉल और मिष्ठान्न देकर सम्मानित किया जाए। साथ ही सभी शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, माल्यार्पण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए गए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी।
10 अगस्त से शुरू होंगी परेड की तैयारियां
परेड की तैयारियां 10 अगस्त से शुरू होंगी। पहला पूर्वाभ्यास पुलिस लाइन में होगा, जबकि इसके बाद के सभी अभ्यास गोपाल मैदान में आयोजित किए जाएंगे। 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी। परेड में आरएएफ, डीएपी महिला एवं पुरुष, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड तथा सीआरपीएफ की टुकड़ियों को शामिल किए जाने पर चर्चा हुई। (Independence Day Celebration Jamshedpur)
15 अगस्त को जिले में शराबबंदी
मुख्य समारोह स्थल की तैयारियों की जिम्मेदारी जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) को दी गई है, जो एनडीसी और जुस्को के साथ समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा। जुस्को को मैदान की साफ-सफाई और रखरखाव का दायित्व सौंपा गया है। इसके अलावा यातायात व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यापक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने 15 अगस्त को पूरे जिले में ड्राई डे घोषित किया है।
इसे भी पढ़ें – मध्य अगस्त तक जिले में लहलहाने लगेगी धान की फसल, तेजी से चल रहा रोपनी का काम
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, धालभूम एसडीएम अर्नव मिश्रा, नगर आयुक्त, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीएसपी ट्रैफिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और निजी कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




