Jamshedpur (Jharkhand) : पूर्वी सिंहभूम जिले में ग्रामीण विकास योजनाओं को गति देने और ग्रामीण परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए उपायुक्त राजीव रंजन ने (Jamshedpur Rural Development Schemes) संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। शनिवार को समाहरणालय सभागार में ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों और विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें रोजगार सृजन, पंचायतवार कार्यों की प्रगति, लंबित भुगतान, जियो टैगिंग और आवास योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका वास्तविक लाभ ग्रामीण परिवारों (Jamshedpur Rural Development Schemes) तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
प्रत्येक पंचायत में 100 श्रमिकों को रोजगार देने पर जोर
VB-GRAMG (विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण) के तहत रोजगार सृजन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्रत्येक पंचायत में प्रतिदिन 100 श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
उन्होंने पंचायतों में मांग आधारित योजनाओं की पहचान, समय पर स्वीकृति और पर्याप्त कार्यस्थलों का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिन पंचायतों में श्रमिकों की भागीदारी कम है, वहां विशेष पहल कर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने कार्यस्थलों पर श्रमिकों की उपस्थिति, कार्यों की गुणवत्ता और अभिलेखों के सही संधारण की नियमित निगरानी करने को कहा। साथ ही लंबित जियो टैगिंग और मजदूरी एवं सामग्री मद में बकाया भुगतान की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया।
लंबित आवासों का निर्माण जल्द पूरा कराने का निर्देश
आवास योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संबंधित बीडीओ को लाभुकवार निर्माण कार्यों की प्रगति की निगरानी करने को कहा। उन्होंने लंबित आवासों की पहचान कर निर्माण में तेजी लाने, पात्र लाभुकों को आवश्यक मार्गदर्शन देने और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पूर्ण हो चुके आवासों का उचित सत्यापन करने पर भी जोर दिया गया, ताकि जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, बीडीओ, बीपीओ, बीसी और अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।




