Home > Crime > ठगी के आरोपी को छोड़ने के लिए पुलिसकर्मियों के सामने गिड़गिड़ाने लगी आरोपी की पत्नी, जानिए- कैसे लाइफ लाइन नर्सिंग होम के मालिक को लगाया 22 करोड़ का चूना

ठगी के आरोपी को छोड़ने के लिए पुलिसकर्मियों के सामने गिड़गिड़ाने लगी आरोपी की पत्नी, जानिए- कैसे लाइफ लाइन नर्सिंग होम के मालिक को लगाया 22 करोड़ का चूना

न्यूज़ बी रिपोर्टर, जमशेदपुर : साकची में लाइफ लाइन नर्सिंग होम के मालिक दशरथ कंवटिया को 22 करोड़ रुपए का चूना लगाने वाले आरोपी अनूप अग्रवाल को बुधवार को जब इलाज के लिए साकची के एमजीएम अस्पताल लाया गया तो उसकी पत्नी अनीशा अग्रवाल भी पहुंच गई। वह पुलिसकर्मियों के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगी कि उसके पति बेकसूर हैं। उन्हें छोड़ दीजिए। इसके बाद अपने पति से लिपटकर वह रोने लगी।

पुलिसकर्मियों के सामने गिड़गिड़ा रही आरोपी की पत्नी

बाद में पुलिसकर्मियों ने किसी तरह समझा-बुझाकर अनीशा अग्रवाल को उसके पति से अलग किया। आरोपी अनूप अग्रवाल को कोर्ट में पेश किया तो वहां अनूप जज के सामने जमीन पर लेट गया। जज ने उसे डॉक्टर को दिखाने को कहा। इसके बाद, पुलिस ने आरोपी अनूप अग्रवाल को घाघीडीह जेल भेजने के बजाय कोर्ट के आदेश पर एमजीएम अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में भर्ती किया है।
शेयर का लालच देकर धीरे-धीरे ठगे 22 करोड़ रुपए
आरोपी अनूप अग्रवाल ने शेयर कारोबार का लालच देकर लाइफ लाइन नर्सिंग होम के मालिक दशरथ कंवटिया को ठगा। दशरथ कंवटिया न्यू बाराद्वारी का रहने वाला है। मई 2018 में साकची के न्यू बाराद्वारी अविष्कार बिल्डिंग का रहने वाला अनूप अग्रवाल उनके पास पहुंचा और बताया कि केवालका सिक्योरिटीज के नाम से उसकी फर्म है। इसका ऑफिस का काशीडीह चौक पर आदर्श अब्दुल रहीम कांप्लेक्स में है। उसने अपनी बातों के जाल में फंसाने के बाद दशरथ कंवटिया से अपने अकाउंट में 7 लाख रुपए ट्रांसफर कराए और फिर 22 बार में दो करोड़ 62 लाख रुपए लिए। बताया कि इन सब रुपए का उसने शेयर खरीद लिया है। जब कोविड काल आया तो अनूप अग्रवाल ने दशरथ कंवटिया को फोन कर डराया कि अगर शेयर बाजार में और पैसा नहीं लगाया तो उनका सारा पैसा डूब जाएगा और बड़ा नुकसान हो जाएगा।

यह भी पढें – उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर 5 में एक युवक ने फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

इस पर, दशरथ कंवटिया ने अपनी मानगो के वीआईपी बिल्डर्स फर्म के एसबीआई अकाउंट और एक्सिस बैंक के अकाउंट से 45 बार में अनूप अग्रवाल, संघी स्टील उद्योग, अनूप अग्रवाल के कर्मचारियों सोनू रजक, रंजीत कुमार राय, राहुल प्रसाद, सोनू प्रसाद, विनोद कुमार, रंजीत कुमार राय और रमेंद्र कुमार के अकाउंट में 5 करोड़ 41 लाख 30 हजार 264 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। जब भी दशरथ कंवटिया ने अनूप अग्रवाल से हिसाब किताब के बारे में पूछा तो उसने बताया कि अभी शेयर का दाम काफी कम है। शेयर का भाव ऊंचा होगा तो बेचकर खूब मुनाफा होगा। जब दशरथ ने काफी दबाव डाला तो 29 अप्रैल साल 2021 को अनूप अग्रवाल ने दशरथ को बताया कि उसने सारा शेयर बेच दिया है। 22 करोड़ रुपए मुनाफे के तौर पर निकले हैं और जल्दी सारा पैसा दे दिया जाएगा। लेकिन पैसा नहीं दिया तो दशरथ कंवटिया ने पंचायत बुलाई और मारवाड़ी समाज के लोगों के सामने अनूप अग्रवाल ने इसी साल 19 जुलाई और 30 जुलाई को लिखकर दिया कि वह अपने बच्चों और मां की कसम खाता है कि वह सारा पैसा वापस कर देगा। इसके बाद मांगने पर दशरथ कंवटिया को 9 लाख रुपया वापस किया और बोला कि अभी पैसे नहीं हैं। 50- 50 लाख रुपए के चेक और अपने घर के रजिस्टर्ड सेल डीड की मूल कॉपी दशरथ कंवटिया को दी और कहा कि जल्द ही सारे पैसे वापस मिल जाएंगे। दशरथ ने 2 अगस्त और 5 अगस्त को दोनों चेक अकाउंट में लगाए तो वह बाउंस हो गए। इसके बाद दशरथ को पता चला कि अनूप अग्रवाल ने उन्हें ठग लिया है और सारा पैसा फर्जी कंपनियों संघी स्टील उद्योग प्राइवेट लिमिटेड और बाबा भूतनाथ निर्माण प्राइवेट लिमिटेड में लगा दिया है। इसी तरह बहुत सारे लोगों को ठगा है। इसके बाद बार-बार पैसा मांगने पर पैसा नहीं मिल रहा था। इस पर दशरथ कंवटिया ने 2 अगस्त को अपने दोनों बेटों को अनूप अग्रवाल के ऑफिस में भेजा तो वहां अनूप अग्रवाल ने दशरथ के बेटों के साथ मारपीट शुरू कर दी। मामला पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस घटनास्थल पर आई और अनूप अग्रवाल को थाने ले गई। जहां, 10 अगस्त को अनूप अग्रवाल ने लिख कर दिया कि वह सारा पैसा वापस कर देगा। इस पर भी जब पैसा वापस नहीं दिया तो 19 अगस्त को दशरथ कंवटिया ने थाने पर आवेदन देकर अनूप अग्रवाल के अलावा उसकी पत्नी, उसकी फर्म संघी स्टील उसके स्टाफ रंजीत कुमार राय, सोनू रजक, राहुल प्रसाद, रमेंद्र कुमार, विनोद कुमार और धर्मेंद्र राय के खिलाफ आवेदन दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अनूप अग्रवाल को पकड़कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेजा।

You may also like
Jamshedpur JTET Exam : पेपर लीक की आशंका में JTET परीक्षा को लेकर जमशेदपुर पुलिस अलर्ट, होटल और लॉज में चलाया जांच अभियान
Jamshedpur Railway News : JTET अभ्यर्थियों को रेलवे की बड़ी सौगात, टाटानगर से देवघर के लिए चलेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन; जानें रूट और टाइमिंग
Jamshedpur News: JTET परीक्षा के दिन परीक्षा केंद्रों के आसपास रहेगी निषेधाज्ञा, धालभूम एसडीएम ने जारी किया विशेष आदेश
Jamshedpur Advocate News : राष्ट्रीय एकता दिवस पर अधिवक्ताओं ने लिया एकजुटता का संकल्प, जमशेदपुर में लॉयर्स डिफेंस ने आयोजित की संगोष्ठी+VDO