Telco Murder : पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
Jamshedpur : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर सेरेंगबेड़ा बस्ती निवासी अजय श्रीवास्तव हत्याकांड (Telco Murder) का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। अजय श्रीवास्तव की हत्या 13 जनवरी की रात की गई थी और शव को टेल्को थाना क्षेत्र स्थित रामकृष्ण मिशन स्कूल के पीछे फेंक दिया गया था।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों सिद्धार्थ कुमार और राहुल कुमार सिंह उर्फ चीकू को गिरफ्तार किया है। सिद्धार्थ कुमार छोटा गोविंदपुर के शेष नगर का रहने वाला है, जबकि राहुल कुमार सिंह छोटा गोविंदपुर डबल स्टोरी का निवासी है।
पुलिस ने (Telco Murder) आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतक से लूटे गए 11 हजार 500 रुपये, अजय श्रीवास्तव का मोबाइल फोन, घटना के समय पहना गया जैकेट, एक मोटरसाइकिल और वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस ने बताया कि अजय श्रीवास्तव टेल्को क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त था। सिद्धार्थ कुमार इस अवैध धंधे में उसकी मदद करता था। कुछ दिन पहले दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद अजय श्रीवास्तव ने सिद्धार्थ की चांदी की चेन छीन ली थी। घर लौटने पर सिद्धार्थ की मां ने चेन के बारे में पूछताछ की और पूरी बात जानने के बाद उसे फटकार लगाते हुए घर से निकाल दिया। इस घटना के बाद सिद्धार्थ बदला लेने की फिराक में था।
इसे भी पढ़ें – सोशल मीडिया पर पुलिस को चैलेंज करने वाला बदमाश अजय वाल्मीकि गिरफ्तार, हथियार के साथ पकड़ा गया+VDO
इसी दौरान एक अन्य आरोपी राहुल कुमार सिंह के साथ नशा करने के दौरान अजय श्रीवास्तव ने उसे खर्च करने की औकात को लेकर अपमानित किया था। इस बात से आहत राहुल भी उससे नाराज था। दोनों आरोपियों ने मिलकर योजना बनाई और अजय श्रीवास्तव की चाकू मारकर हत्या कर दी, फिर शव को टेल्को थाना क्षेत्र में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है।




