अकाल तख्त साहिब के कार्यवाहक जत्थेदार शामिल होंगे 31 अगस्त से शुरू हो रही यात्रा में, झारखंड सहित कई राज्यों से गुजरेगी ऐतिहासिक यात्रा
Patna : श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहादत दिवस को समर्पित शहीदी जागृति यात्रा (Patna Shaheedi Yatra ) की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में तख्त श्री हरमंदिर साहिब जी पटना साहिब प्रबंधन कमेटी के प्रधान सरदार जगजोत सिंह सोही और महासचिव सरदार इंदरजीत सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अमृतसर स्थित श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यवाहक जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गढ़गज से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने जत्थेदार को यात्रा की रूपरेखा, रूट प्लान और तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी और उनका मार्गदर्शन व आशीर्वाद प्राप्त किया। यात्रा की शुरुआत 31 अगस्त को पटना से होगी और यह झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली होते हुए श्री आनंदपुर साहिब, पंजाब पहुंचेगी। दिल्ली में यात्रा (Patna Shaheedi Yatra) का एक अहम पड़ाव चांदनी चौक स्थित शीशगंज साहिब गुरुद्वारा होगा।
इसे भी पढ़ें – भगवान सिंह को कुर्सी प्यारी, पंथ की मर्यादा नहीं! अकाल तख्त साहिब के आदेश को जमशेदपुर में क्यों नहीं किया लागू?
अधिवक्ता कुलविंदर सिंह, जो गुरु गोविंद सिंह गर्ल्स हाई स्कूल, पटना के पूर्व सचिव भी हैं, के अनुसार प्रतिनिधिमंडल के आग्रह पर जत्थेदार सिंह साहब ने इस ऐतिहासिक यात्रा में स्वयं शामिल होने की स्वीकृति दे दी है।
प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह, मुंबई के सरदार जसबीर सिंह धाम, मानविंदर सिंह बेनिपाल सहित अन्य प्रमुख सिख हस्तियां शामिल थीं। यात्रा का उद्देश्य देशभर में शहीदी का संदेश फैलाना और सिख इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।




