Jamshedpur (Jharkhand) : मानगो इलाके में कुछ महीने पहले लगाई गई अधिकांश सोलर स्ट्रीट लाइटें ( Mango Street Lights ) अब बंद पड़ी हैं। उद्घाटन के समय चमकने वाली ये लाइटें आज लोगों को मायूस कर रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगभग सभी लाइटों से बैटरी गायब हो चुकी है, जिसके कारण पूरा सिस्टम (Mango Street Lights) ठप हो गया है।
इस मामले को लेकर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि व्यस्त सड़कों पर लगे ऊंचे और पतले पोल पर चढ़कर किसी के लिए बैटरी चोरी करना संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्घाटन के तुरंत बाद ही काम करने वाली एजेंसी के लोग बैटरी खोलकर ले जाते हैं।
विकास सिंह ने कहा कि एजेंसी का काम केवल उद्घाटन कराकर जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों को खुश करना रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारी भरकम घूस के कारण आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि इस पूरी योजना में एक बड़ा बैटरी घोटाला हुआ है। विकास सिंह ने कहा कि वे शुरुआत से ही सोलर लाइट परियोजना में अनियमितताओं की बात उठाते रहे हैं और इसे उन्होंने “बैटरी घोटाला” का नाम दिया था। उनका कहना है कि अब सच्चाई धीरे-धीरे सामने आ रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि मानगो के शंकोसाई रोड नंबर-5 से तुरियाबेड़ा को जोड़ने वाली सड़क पर लगी सोलर लाइटों की स्थिति इसका उदाहरण है, जहां अधिकतर लाइटें बंद पड़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
इसे भी पढ़ें – यूएई के कई शहरों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाएगा ईरान, मुस्लिमों से बंदरगाह खाली करने की अपील
विकास सिंह ने कहा कि झूठ और फरेब से भरे घड़े को एक न एक दिन फूटना ही होता है और सोलर लाइट योजना में हुए घोटाले की सच्चाई भी जल्द सामने आएगी।




