Jamshedpur : मानगो पेयजल परियोजना से कहा जा रहा है कि अब तक अन्याय पूर्ण तरीके से पानी की सप्लाई की जा रही है। कुछ इलाकों को ज्यादा पानी दिया जाता है जबकि ज्यादातर इलाकों को प्यासा रखा जाता है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निरीक्षण और जांच में यह बात सामने आई है। इलाके के लोगों का कहना है कि इस मामले की बड़े स्तर पर जांच होनी चाहिए और ऐसा करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई हो। जांच में यह बात सामने आई कि विधायक सरयू राय के आरोप में कितनी गहराई है। विधायक सरयू राय साल 2014 से 2019 तक भी मानगो के विधायक रहे थे। लेकिन इस दौरान वह भी नहीं समझ सके थे कि मानगो को जलापूर्ति परियोजना से पानी का अन्याय पूर्ण वितरण हो रहा है।
Mango Water Plant: अब होगा न्यायपूर्ण वितरण

Mango Water Plant: निरीक्षण करते विधायक सरयू राय
जलापूर्ति के संचालन में वर्षों से चली आ रही खामियों को दूर कर अब सभी इलाकों में पीने के पानी का न्यायपूर्ण वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। बुधवार को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यालय में विधायक सरयू राय की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में यह सहमति बनी। बैठक में मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार भी दूरभाष के माध्यम से शामिल हुए।
बैठक में चर्चा का मुख्य बिंदु यह रहा कि अब पानी के पक्षपातपूर्ण वितरण को पूरी तरह रोका जाएगा और इसके लिए परियोजना के प्रारंभिक ड्राइंग व डिजाइन में आवश्यक परिवर्तन की सहमति दी गई है। इससे उन इलाकों को लाभ मिलेगा, जहां पाइपलाइन होने के बावजूद जलापूर्ति नहीं हो रही थी। कई क्षेत्रों में पानी केवल 10 से 15 मिनट ही उपलब्ध होता है, जबकि कुछ जोनों में आवश्यकता से अधिक समय तक पानी बह रहा है।
कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार ने बताया कि जोन 6 में बहुत अधिक मात्रा में पानी की आपूर्ति हो रही है, वहीं जोन 1 और 3 की टंकियां मात्र 20-25 मिनट में ही खाली हो जाती हैं। जोन 4 के समता नगर के आधे हिस्से में एक भी बूंद पानी नहीं पहुंच रहा है, जबकि विभागीय रिकॉर्ड में पानी की आपूर्ति दर्ज है। इस विसंगति को जल्द दूर किया जाएगा।
पेयजल गुणवत्ता को लेकर आदित्यपुर स्थित प्रयोगशाला का निरीक्षण भी किया गया, जहां से यह पुष्टि हुई कि फिलहाल वितरित किए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता संतोषजनक है। इसके बावजूद जल आपूर्ति प्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए बैठक में राइजिंग पाइपलाइन जोड़ने का सुझाव भी आया, जिससे दबाव बराबर बना रहे और सभी इलाकों में समान मात्रा में पानी पहुंचे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि नया मोटर पंप खरीदा जाएगा, जिसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विधायक सरयू राय ने उप नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि निगम में पंजीकृत उपभोक्ताओं की सूची, कुल राजस्व संग्रह और गैर-पंजीकृत जल खपत की विस्तृत जानकारी साझा की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पानी की एक-एक बूंद का हिसाब रखा जाए। बैठक में कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार, पवन सिंह, संतोष भगत और पिंटू सिंह उपस्थित थे।

