Jamshedpur : झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकायों (Jharkhand Nagar Nikay) के वार्डों की आरक्षण सूची जारी कर दी है। इसके तहत जमशेदपुर जिले के मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत के वार्डों का आरक्षण तय कर दिया गया है। खास बात यह है कि इस बार मेयर और अध्यक्ष (Jharkhand Nagar Nikay) का चुनाव सीधे आम जनता करेगी, जिससे चुनावी सरगर्मी और तेज होने की संभावना है।
मानगो नगर निगम के कुल 36 वार्डों में से 17 वार्ड आरक्षित किए गए हैं। वहीं जुगसलाई नगर परिषद के 22 वार्डों में 11 और चाकुलिया नगर पंचायत के 12 वार्डों में 6 वार्ड आरक्षित घोषित किए गए हैं। हालांकि नगर निकायों के अध्यक्ष और मेयर पद के आरक्षण को लेकर चार्ट अभी तैयार किया जा रहा है, जिसे जल्द जारी किए जाने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक सरकार मार्च में नगर निकाय चुनाव की घोषणा कर सकती है।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर टाटा ओपन गोल्फ 2025 : पहले दिन खालिन जोशी और वीर अहलावत का जलवा
मानगो नगर निगम: पहली बार होंगे चुनाव
मानगो नगर निगम के गठन के बाद यह पहला मौका है, जब यहां के लोग अपने पार्षदों और नगर निकाय प्रतिनिधियों को चुनेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिला गजट का प्रकाशन कर दिया गया है, जिसके साथ ही 36 वार्डों का आरक्षण रोस्टर आधिकारिक रूप से लागू हो गया है।
गजट के अनुसार:
* 19 वार्ड अनारक्षित
* अत्यंत पिछड़ा वर्ग (OBC-1) के लिए 12 वार्ड
* पिछड़ा वर्ग (OBC-2) के लिए 2 वार्ड
* अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 2 वार्ड
* अनुसूचित जाति (SC) के लिए 1 वार्ड
महिला आरक्षण के तहत मानगो नगर निगम में 17 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। नगर विकास विभाग के आंकड़ों के अनुसार निगम क्षेत्र में OBC-1 की आबादी सबसे अधिक है, जिसे देखते हुए सर्वाधिक आरक्षण इसी वर्ग को दिया गया है। गजट प्रकाशन के बाद क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
मानगो नगर निगम – वार्डवार आरक्षण सूची
वार्ड 01: OBC-2 (महिला)
वार्ड 04, 12, 13, 20, 25, 29, 31, 32, 36: अनारक्षित (महिला)
वार्ड 17: ST (महिला)
वार्ड 19, 22, 23, 27, 28: OBC-1 (महिला)
वार्ड 30: SC (अन्य)
शेष वार्ड अनारक्षित या OBC-1 / OBC-2 (अन्य)
जुगसलाई नगर परिषद: 44 साल बाद चुनाव
जुगसलाई नगर परिषद में 44 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद नगर निकाय चुनाव होने जा रहा है। पहले नगरपालिका रहे जुगसलाई को अब नगर परिषद का दर्जा दिया गया है। जारी अधिसूचना के अनुसार:
* कुल 22 वार्ड
* 11 वार्ड आरक्षित
* 7 वार्ड OBC-1
* 3 वार्ड OBC-2
* 11 वार्ड अनारक्षित
यहां 9 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। कुछ वार्डों में केवल पिछड़ा वर्ग की महिला प्रत्याशी ही चुनाव लड़ सकेंगी। कुल मिलाकर, झारखंड में नगर निकाय चुनाव की तस्वीर अब साफ होने लगी है। आरक्षण सूची जारी होने के साथ ही राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ने लगी है।




