Jamshedpur (Jharkhand) : राज्य के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी और मानगो नगर निगम (Mango Nagar Nigam Election) की मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने चुनाव से एक दिन पूर्व मानगो की जनता के नाम भावनात्मक संदेश जारी किया है।
अपने संदेश में सुधा गुप्ता ने कहा कि मानगो नगर निगम के भविष्य का फैसला अब जनता के हाथों में है। यह चुनाव केवल एक पद का नहीं, बल्कि मानगो को सुरक्षित, स्वच्छ, शिक्षित और समृद्ध बनाने का संकल्प है।
इसे भी पढ़ें – मानगो नगर निगम चुनाव में दो प्रत्याशियों में कांटे की टक्कर, वोटकटवा उम्मीदवारों ने बढ़ाया सियासी तापमान
उन्होंने कहा कि बीते कई दिनों से वे जनता के बीच जाकर आशीर्वाद और समर्थन मांग रही हैं। हर गली, हर मोहल्ले और हर समाज के लोगों से मिला स्नेह और विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है, जिसके लिए वे हृदय से आभारी हैं।
Mango Nagar Nigam Election में मेयर पद की उम्मीदवार सुधा गुप्ता ने जनता से वादा किया कि वे स्वच्छ और व्यवस्थित मानगो के निर्माण के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगी। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था तथा एक पारदर्शी और जवाबदेह नगर निगम उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने मानगो नगर निगम क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें और अपने परिवार, पड़ोस व समाज के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। क्रमांक संख्या 11 के सामने “कारपेट” चुनाव चिन्ह पर मोहर लगाकर एक मजबूत, संवेदनशील और विकासशील नेतृत्व को चुनें।
इसे भी पढ़ें – बच्चा चोर कह कर कृषि सर्वेयर को दो घंटे तक बनाया गया बंधक, पोटका में मचा हड़कंप
सुधा गुप्ता ने कहा कि यह चुनाव नफरत या आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि विकास और विश्वास का है। एक-एक वोट मानगो की दिशा और दशा बदल सकता है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि अंतिम समय में कुछ लोग सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए जनता किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दे और शांति व सामाजिक भागीदारी के साथ मतदान करे।




