Jamshedpur : पीजीटीआई सीज़न के समापन टूर्नामेंट टाटा ओपन 2025 (Jamshedpur Golf Tournament) के पहले दिन खालिन जोशी और वीर अहलावत ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए संयुक्त बढ़त बना ली। 2 करोड़ रुपये की इनामी राशि वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन झारखंड के जमशेदपुर स्थित बेलडीह और गोलमुरी गोल्फ कोर्स (Jamshedpur Golf Tournament) में किया जा रहा है।
पहले राउंड में खिलाड़ियों को दो समूहों में बांटा गया। एक समूह ने अपने 18 होल बेलडीह गोल्फ क्लब में खेले, जबकि दूसरे समूह ने गोलमुरी गोल्फ क्लब में खेला। दूसरे राउंड में दोनों समूह अपने-अपने वेन्यू आपस में बदलेंगे।
इसे भी पढ़ें- जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज को मिला नया नेतृत्व, डॉ संजय कुमार बने प्राचार्य, डॉ बलराम झा अस्पताल अधीक्षक
खालिन जोशी और वीर अहलावत ने गोलमुरी गोल्फ कोर्स में सात अंडर 63 का शानदार स्कोर किया और संयुक्त क्लब हाउस लीडर बने। खराब रोशनी के कारण गुरुवार को पहला राउंड पूरा नहीं हो सका।
बांग्लादेश के मो सिद्दीकुर रहमान ने गोलमुरी में छह अंडर 64 का स्कोर किया और तीसरे स्थान पर रहे। कुल 126 खिलाड़ियों में से 10 खिलाड़ी गुरुवार को अपना राउंड पूरा नहीं कर सके। ये खिलाड़ी शुक्रवार सुबह 7 बजे से अपना पहला राउंड फिर से शुरू करेंगे।
इस साल दो खिताब जीत चुके और पिछले वर्ष जमशेदपुर में टाटा स्टील टूर चैंपियनशिप के विजेता रहे वीर अहलावत ने पहले दिन एक बोगी के बदले आठ बर्डी लगाईं। दिन के अंत में वह शीर्ष स्थान पर पहुंच गए।
वीर अहलावत ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में जमशेदपुर में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है और दोनों कोर्स की उन्हें अच्छी समझ है। उन्होंने कहा कि टी से उनकी शॉट्स मजबूत रहीं और ग्रीन्स पर मिले मौकों का उन्होंने पूरा फायदा उठाया।
वहीं खालिन जोशी ने भी एक बोगी के साथ आठ बर्डी बनाईं और वीर के साथ संयुक्त बढ़त साझा की। खालिन ने कहा कि इस सप्ताह ग्रीन्स को जल्दी समझना बेहद जरूरी है और पहले दिन उनकी पुटिंग खास तौर पर प्रभावी रही।




