Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के व्यस्त और लोकप्रिय इलाके जुबली पार्क में शुक्रवार को मोबाइल स्नैचिंग (Jamshedpur Crime) की एक घटना सामने आई, हालांकि आम लोगों की सतर्कता से बड़ी वारदात (Jamshedpur Crime) टल गई। चाय पी रही एक युवती से मोबाइल छीनकर भाग रहे युवक को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और साकची थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती जुबली पार्क के पास एक चाय दुकान पर खड़ी होकर मोबाइल पर बातचीत कर रही थी। इसी दौरान एक युवक अचानक उसके हाथ से मोबाइल छीनकर मौके से फरार होने लगा। युवती के शोर मचाते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत हरकत में आए और कुछ ही दूरी पर आरोपी युवक को पकड़ लिया।
इसे भी पढ़ें – झारखंड नगर निकाय चुनाव: मेयर का होगा सीधा चुनाव, मानगो,जुगसलाई व चाकुलिया में वार्ड आरक्षण सूची जारी
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने छीना गया मोबाइल भी बरामद कर लिया, जिसे बाद में पीड़ित युवती को सौंप दिया गया।
साकची थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जुबली पार्क और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं। वहीं पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।




