Jamshedpur : आगामी दीपावली, काली पूजा और छठ पर्व (Jamshedpur Diwali Meeting) को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
(Jamshedpur Diwali Meeting) बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग, पुलिस अधीक्षक (सिटी) कुमार शिवाशीष, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, उप नगर आयुक्त जेएनएसी कृष्ण कुमार, डीटीओ धनंजय, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, डीएसपी हेडक्वार्टर भोला प्रसाद समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आदर्श आचार संहिता के अनुपालन पर जोर
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि चुनावी आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। राजनीतिक दलों या प्रत्याशियों द्वारा किसी भी प्रकार का उल्लंघन न हो, इसके लिए अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया। उड़नदस्ता दल को सक्रिय रखने और सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
पटाखा बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था
अग्निशमन विभाग को निर्देश दिया गया कि दीपावली के दौरान आमबगान, जुगसलाई, मानगो जैसे बड़े पटाखा बाजारों में फायर टेंडर की तैनाती की जाए और घनी आबादी वाले इलाकों में पटाखों का भंडारण न किया जाए। उपायुक्त ने उच्च ध्वनि वाले पटाखों के प्रयोग से बचने और शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की।
काली पूजा और मूर्ति विसर्जन में सावधानी
काली पूजा के अवसर पर मूर्ति विसर्जन जुलूस में डीजे का प्रयोग न करने, अशोभनीय गीत न बजाने और शरारती तत्वों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही, विसर्जन के दौरान सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती की जाएगी।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में दरिंदगी की हदें पार: साकची के होटल में दो मासूमों से गैंगरेप, पुलिस ने 4 हैवानों को पकड़ा
छठ पर्व की तैयारियों की समीक्षा
उपायुक्त ने सभी छठ घाटों की साफ-सफाई, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, डेंजर जोन मार्किंग, गोताखोरों और नाविकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नगर निकायों और जुस्को प्रतिनिधियों को साफ-सफाई कार्य समय पर पूरा करने और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका ध्यान रखने को कहा गया।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ड्रॉप गेट लगाने, छठ घाट तक जाने वाले रास्तों को मोटरेबल बनाने, रोशनी और माइकिंग व्यवस्था को बेहतर करने तथा ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के भी निर्देश दिए गए। सिविल सर्जन को अस्पतालों और एंबुलेंस को अलर्ट पर रखने को कहा गया।
पुलिस की विशेष तैनाती
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने बताया कि सभी संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस बल और सशस्त्र बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। काली पूजा विसर्जन रूट और छठ घाटों का भौतिक सत्यापन जल्द किया जाएगा ताकि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी हो सके।




