Ranchi/Jamshedpur (Jharkhand) : जेपीएससी और जेएसएससी अभ्यर्थियों के विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस लाठीचार्ज और बल प्रयोग के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से मंगलवार को आहूत झारखंड बंद (Jharkhand Bandh ) का राजधानी रांची में व्यापक असर देखने को मिला, जबकि जमशेदपुर में बंद का असर मिला-जुला रहा। रांची में भाजपा और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता कई स्थानों पर सड़क पर उतरे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं, जमशेदपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न बाजारों में घूमकर दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद (Jharkhand Bandh ) रखने की अपील की।
रांची के पुराना विधानसभा के पास ABVP कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बस से ले जाने का प्रयास किया, लेकिन कई कार्यकर्ता मौके से हटने को तैयार नहीं हुए। कुछ कार्यकर्ता पुलिस बस के आगे सड़क पर लेट गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
पुराना विधानसभा के पास बड़ी संख्या में ABVP कार्यकर्ता छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में विधानसभा घेराव कार्यक्रम को लेकर जुटे थे। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
रांची के फिरायालाल चौक पर भी भाजपा समर्थक मोटरसाइकिल से पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं लोवाडीह चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित किया।
अरगोड़ा चौक पर भाजपा प्रवक्ता अशोक बड़ाईक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने अशोक बड़ाईक समेत कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। अरगोड़ा चौक पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच आमना-सामना भी हुआ। इसी तरह कांके रोड स्थित CMPDI गेट के पास बंद समर्थकों ने सड़क जाम कर टायर जलाए।
रांची के न्यूक्लियस मॉल के पास भी बंद समर्थकों ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ। किशोरगंज चौक पर पुतला दहन कर सड़क जाम करने का प्रयास किया गया। हरमू चौक और रातू रोड पर भी बड़ी संख्या में बंद समर्थक सड़क पर उतरे और यातायात बाधित करने का प्रयास किया। धुर्वा के जेपी मार्केट और सचिवालय रोड स्थित धुर्वा गोलचक्कर के पास भी बंद समर्थक सक्रिय रहे।
बंद को देखते हुए रांची पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और संभावित प्रदर्शन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने और यातायात सामान्य कराने में जुटी रही।
जमशेदपुर में बंद का मिला-जुला असर
जमशेदपुर में भाजपा के झारखंड बंद का असर अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग देखने को मिला। शहर के कई बाजारों में दुकानें बंद रहीं, जबकि कई इलाकों में सामान्य कारोबार जारी रहा। बंद के दौरान सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पर व्यापक असर नहीं पड़ा और ऑटो समेत अन्य वाहन सामान्य रूप से चलते रहे।
सुबह से भाजपा नेता और कार्यकर्ता शहर के विभिन्न इलाकों में सड़कों पर उतरे और दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। मानगो बस स्टैंड और भुईयाडीह क्षेत्र में पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने कार्यकर्ताओं के साथ बंद की कमान संभाली। उन्होंने दुकानदारों और वाहन चालकों से बंद में सहयोग करने की अपील की। वहीं बागबेड़ा में सुबोध झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों से दुकानें बंद रखने का आग्रह किया।
कदमा, सोनारी, जुगसलाई, बिष्टुपुर, साकची, परसूडीह और सुंदरनगर समेत शहर के कई इलाकों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाजारों का दौरा किया। कार्यकर्ताओं ने व्यवसायियों से बंद को सफल बनाने की अपील की।
गोलमुरी बाजार में बंद का अपेक्षाकृत अधिक असर देखने को मिला। यहां कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। हालांकि, शहर के कई अन्य इलाकों में दुकानें सामान्य रूप से खुली रहीं और रोजमर्रा का कारोबार चलता रहा।
बंद के बावजूद जमशेदपुर में यातायात सामान्य रहा। सुबह करीब आठ बजे से भाजपा कार्यकर्ताओं के सड़कों पर उतरने के बाद भी पूर्वाह्न करीब 11 बजे तक शहर में व्यापक यातायात बाधित नहीं हुआ। लोग रोजमर्रा के कामकाज के लिए घरों से निकलते रहे और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही जारी रही।
भाजपा की ओर से स्कूल, मेडिकल दुकान, अस्पताल, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया था। बंद ( Jharkhamd Bandh)को लेकर जिला प्रशासन ने भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए और प्रमुख बाजारों तथा संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में भाजपा के ‘झारखंड बंद’ का नहीं दिखा असर, सामान्य रूप से खुले बाजार और दुकानें
इस तरह रांची में झारखंड बंद के दौरान प्रदर्शन, सड़क जाम, टायर जलाने और गिरफ्तारियों के कारण माहौल अधिक तनावपूर्ण रहा, जबकि जमशेदपुर में बंद का असर क्षेत्रवार अलग-अलग रहा और यातायात लगभग सामान्य बना रहा। दोनों शहरों में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया।




