Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर जिला बार संघ के अधिवक्ताओं ने बुधवार को जिला बार संघ के लाइब्रेरी हॉल में कार्यकारिणी समिति के निर्णयों के लिए पदाधिकारियों का आभार जताया। अधिवक्ताओं ने संघ के अध्यक्ष रतिंद्र नाथ दास, महासचिव कुमार राजेश रंजन, उपाध्यक्ष बलाई पांडा (Jamshedpur Advocate News) समेत पूरी कार्यकारिणी समिति को धन्यवाद दिया।
यह निर्णय 11 अगस्त को हुई जमशेदपुर जिला बार संघ की कार्यकारिणी समिति की बैठक में लिए गए थे। बैठक में अधिवक्ताओं की सुविधा और कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों पर (Jamshedpur Advocate News) सहमति बनी।
नए और पुराने कोर्ट परिसर में खुलेगा कागजात बिक्री काउंटर
कार्यकारिणी समिति के निर्णय के अनुसार नए कोर्ट परिसर और पुराने कोर्ट परिसर में एक-एक काउंटर खोला जाएगा। इन काउंटरों पर अधिवक्ताओं को आवश्यक कागजात उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके बाद बाहर के वेंडरों को कोर्ट परिसर में कागज बेचने की अनुमति नहीं होगी। यह व्यवस्था 1 सितंबर 2026 से लागू होगी।
पुराने कोर्ट परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। इसके माध्यम से परिसर की गतिविधियों और कार्यप्रणाली की निगरानी की जाएगी।
बीमारी की स्थिति में बढ़ी आर्थिक सहायता
अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए संघ ने बीमारी की स्थिति में मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि में भी बढ़ोतरी की है। नियमित रूप से प्रैक्टिस करने वाले किसी अधिवक्ता के बीमार पड़ने पर अब 50 हजार रुपये की जगह 1 लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी।
वहीं, असाध्य रोग से पीड़ित अधिवक्ताओं को 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया है।
अधिवक्ता की मृत्यु पर परिवार को 2.51 लाख रुपये
किसी अधिवक्ता की मृत्यु होने पर पूर्व में मिलने वाली 1 लाख रुपये की सहायता राशि को बढ़ाकर 2 लाख 51 हजार रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा अधिवक्ता के निधन के तत्काल बाद उनके परिवार को अंत्येष्टि कार्यक्रम के लिए 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
महिला अधिवक्ता के पति या पुरुष अधिवक्ता की पत्नी के बीमार होने की स्थिति में भी जिला बार संघ की ओर से 25 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया है।
अधिवक्ताओं की बेटियों की शादी में 51 हजार रुपये की सहायता
अधिवक्ताओं के परिवार से जुड़ा एक और महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। अधिवक्ताओं की पुत्रियों के विवाह के अवसर पर जिला बार संघ की ओर से 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
अधिवक्ताओं ने इन फैसलों को संघ के इतिहास में कल्याणकारी कदम बताते हुए कार्यकारिणी समिति के प्रति आभार जताया।
पदाधिकारियों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता परमजीत कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान उन्होंने जिला बार संघ के अध्यक्ष रतिंद्र नाथ दास का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।
महासचिव कुमार राजेश रंजन का अधिवक्ता अक्षय कुमार झा, विनोद कुमार मिश्रा, अमित कुमार, राजीव रंजन, राजेश चौधरी समेत अन्य अधिवक्ताओं ने संयुक्त रूप से फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। उपाध्यक्ष बलाई पांडा का भी अधिवक्ताओं ने स्वागत किया।
इसके बाद पूरी कार्यकारिणी समिति के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस दौरान नए और पुराने दोनों कोर्ट परिसरों में नगाड़े की गूंज सुनाई दी और अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।
इसे भी पढ़ें – झारखंड बंद: रांची में जोरदार प्रदर्शन, जमशेदपुर में मिला-जुला असर; कई जगह सड़क जाम और गिरफ्तारी+VDO
कार्यक्रम में अधिवक्ता नीरज कुमार, विद्युत नदी, आशीष कुमार दत्त, सुनील कुमार मोहंती, विवेक कुमार, केशव सिंह, सत्य प्रकाश, जगन्नाथ, जसपाल, अधिवक्ता बिंदु कुमारी वर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्य विनीत मिश्रा, लूसी कश्यप समेत 200 से अधिक अधिवक्ता मौजूद रहे।




