शराब की बोतलें और बेसबॉल बैट बरामद, पुलिस कर रही पूछताछ; कार सवारों की पहचान और घटना की वजह की जांच जारी
Jamshedpur : जमशेदपुर में पुलिस की चेकिंग से बचकर भागने की कोशिश एक कार सवार के लिए भारी पड़ (Jamshedpur Crime) गई। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह में मंगलवार देर रात चेकिंग के दौरान चालक पुलिस को चकमा देकर कार लेकर भाग निकला। भागने के दौरान कार ने रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मार दी। पीछा कर रही पुलिस ने टिमकेन कंपनी के पास टायर फटने के बाद कार को रोक लिया।
कार से पुलिस ने दो युवकों और दो युवतियों को हिरासत में लिया (Jamshedpur Crime) है। सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, कार से शराब की बोतलें, बेसबॉल बैट और सिगरेट के खाली पैकेट भी बरामद हुए हैं। टक्कर के कारण कार को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के मुताबिक, भुइयांडीह बस स्टैंड के पास चेकिंग के दौरान कार चालक अचानक कार लेकर भागने लगा। इसके बाद सीतारामडेरा थाना की पीसीआर टीम ने उसका पीछा शुरू किया। पुलिस ने भुइयांडीह बस स्टैंड से बागुनहातु चौक तक कार का पीछा किया। इसी दौरान टिमकेन कंपनी के पास कार का टायर फट गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे रोक लिया।
कार सवार कौन हैं, पुलिस कर रही जांच
स्थानीय लोगों के अनुसार कार में सवार युवकों और युवतियों की उम्र कम है। उनके नाबालिग होने की आशंका भी जताई गई है, लेकिन पुलिस ने अभी उनकी उम्र की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कार कौन चला रहा था, उसकी रफ्तार कितनी थी और रास्ते में कितने वाहनों को टक्कर मारी गई। इसके अलावा कार सवार चारों लोग एक-दूसरे को कैसे जानते हैं, क्या वे एक ही स्थान से आ रहे थे और उनका गंतव्य क्या था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अब कार के मालिक और चालक की जानकारी के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारी स्पष्टहो सकेगी।




