Jamshedpur (Jharkhand): जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत नीलडीह पार्क के पास रविवार देर रात सनसनीखेज चापड़बाजी की घटना (Telco Brutal Murder) से इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात युवकों ने दो युवकों पर जानलेवा हमला किया, जिसमें जुगसलाई थाना क्षेत्र के खजांची मोहल्ला निवासी मोहम्मद सोहेल की निर्मम हत्या कर दी गई। सोहेल का शव (Telco Brutal Murder) देर रात नीलडीह क्लब के पीछे झाड़ियों से बरामद किया गया, जबकि उसका साथी अब्दुल सुफियान गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने सोहेल पर ताबड़तोड़ चापड़ से वार किया। उसकी गर्दन और एक हाथ काट दिया गया था, वहीं सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गहरे जख्म के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि अपराधी सोहेल को घसीटते हुए झाड़ियों की ओर ले गए और वहीं उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इसी वजह से काफी देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना में घायल अब्दुल सुफियान किसी तरह मौके से जान बचाकर भाग निकला और पुलिस को सूचना दी। उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शीतगृह भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और नशे के दौरान विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है।
Telco Brutal Murder: सुफियान ने सुनाई वारदात की कहानी
घायल अब्दुल सुफियान ने पुलिस को बताया कि रविवार को दिन में मोहम्मद सोहेल ने उसे फोन कर टेल्को चलने के लिए बुलाया था। उसने दोस्तों के साथ गपशप करने की बात कही और बाइक लाने को कहा। सुफियान ने पहले मना किया, लेकिन बाद में वह जुगसलाई से सोहेल को बाइक पर लेकर नीलडीह पार्क पहुंचा।
सुफियान के मुताबिक, वहां पहले से सोहेल का दोस्त विनीत और पांच अन्य युवक मौजूद थे। जैसे ही सोहेल ने ब्राउन शुगर निकालकर पन्नी पर रखी, तभी अचानक उस पर चापड़ से हमला कर दिया गया। हमले में सोहेल जमीन पर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने पर सुफियान पर भी हमला हुआ, जिससे उसके सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में धूमधाम से मना ‘डहरे टुसू’, हर तरफ रही मांदर की थाप की गूंज+VDO
सुफियान ने बताया कि वह किसी तरह जान बचाकर पार्क से बाहर भागा। रास्ते में एक महिला मिली, जिसके सामने उसने मदद की गुहार लगाई। महिला ने कहा कि यहीं रुको, विनीत मेरा बेटा है। यह सुनते ही सुफियान डर गया और वहां से भाग निकलना ही सही समझा।




