Jamshedpur (Jharkhand) : लौहनगरी जमशेदपुर में ध्वनि प्रदूषण और सड़क पर बढ़ती गुंडागर्दी के खिलाफ पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को साकची थाना के सामने ट्रैफिक पुलिस ने बुलेट बाइक के 151 मॉडिफाइड साइलेंसरों (Jamshedpur Silencer) को रोड रोलर से कुचलकर नष्ट कर दिया।
ये सभी साइलेंसर (Jamshedpur Silencer) शहर के अलग-अलग इलाकों साकची, बिष्टुपुर, गोलमुरी, टेल्को, जुगसलाई और मानगो से जब्त किए गए थे। इन साइलेंसरों की वजह से बेहद तेज और असामान्य आवाज निकलती थी, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ट्रैफिक पुलिस पिछले कई दिनों से इस तरह के अवैध साइलेंसरों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें जब्त कर रही थी। अब इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया गया है कि नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
सिटी एसपी ने बताया कि इन तेज आवाज वाले साइलेंसरों के कारण मरीजों, बुजुर्गों और सड़क किनारे रहने वाले लोगों को काफी दिक्कत हो रही थी। इसी वजह से पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए न सिर्फ साइलेंसर जब्त किए, बल्कि बाइक मालिकों से जुर्माना भी वसूला गया।
इसे भी पढ़ें – बहरागोड़ा में 80 साल पुराने अमेरिकी बमों का कंट्रोल्ड ब्लास्ट, तेज धमाकों से दहला इलाका+VDO
उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शहर में गुंडागर्दी की मानसिकता को खत्म करना है। कई लोग ऐसे साइलेंसर लगाकर खुद को दबंग दिखाने की कोशिश करते हैं, लेकिन अब उन्हें समझना होगा कि वे एक सभ्य समाज और शहर में रह रहे हैं। आने वाले दिनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।




