Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा (Afghan Citizen Jamshedpur) सामने आया है। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में तीन अफगान नागरिकों के नाम अवैध रूप से दर्ज पाए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के संज्ञान लेने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों विदेशी नागरिकों (Afghan Citizen Jamshedpur) के खिलाफ गोलमुरी थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है।
मामले के मुख्य बिंदु
आरोपियों के नाम: मो. इब्राहिम (44), मो. असलम (41) और असिल खान (47)। मतदान केंद्र: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 286 (हिंदुस्तानी संघ मध्य विद्यालय, गोलमुरी)।
जांच में खुलासा
आरोपियों ने पहचान के तौर पर वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट जैसे दस्तावेज जमा किए थे। चुनाव आयोग के पोर्टल पर सत्यापन के दौरान इनके अफगानी नागरिक होने की पुष्टि हुई। इनमें से एक आरोपी का पासपोर्ट अफगान नागरिकता के कारण पहले ही रद्द किया जा चुका था।
प्रशासनिक कदम: उपायुक्त (DC) राजीव रंजन ने धालभूम एसडीएम अर्णब मिश्रा के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की थी। जांच रिपोर्ट राज्य निर्वाचन आयोग को भेजी गई, जिसके निर्देश पर कार्यपालक दंडाधिकारी ने केस दर्ज कराया।
एसडीएम अर्णब मिश्रा ने स्पष्ट किया कि भारत में मतदान का अधिकार केवल भारतीय नागरिकों को है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी गैर-भारतीय के पास भारतीय वोटर आईडी होने की जानकारी मिले, तो तुरंत सूचित करें।
इसे भी पढ़ें – मानगो में 55 लाख से चमकेगी न्यू और ओल्ड पुरुलिया रोड, टेंडर जारी होने से लोगों को मिलेगी जर्जर सड़कों से राहत




