Jamshedpur : टाटा स्टील और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) ने प्रतिष्ठित टाटा ओपन 2025 की औपचारिक घोषणा कर दी है। यह चार दिवसीय गोल्फ टूर्नामेंट (Jamshedpur Golf Tournament) 25 से 28 दिसंबर 2025 तक झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित होगा। टूर्नामेंट में कुल 2 करोड़ रुपये की इनामी राशि रखी गई है और यह PGTI 2025 सीज़न का फिनाले इवेंट होगा।
यह टूर्नामेंट (Jamshedpur Golf Tournament) जमशेदपुर के दो ऐतिहासिक और चुनौतीपूर्ण गोल्फ कोर्स—बेलडीह गोल्फ क्लब और गोलमुरी गोल्फ कोर्स में खेला जाएगा। कुल 126 पेशेवर खिलाड़ी स्ट्रोक-प्ले फॉर्मेट में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में चार राउंड होंगे, जिनमें प्रत्येक राउंड में 18-18 होल खेले जाएंगे। पहले दो राउंड के बाद शीर्ष 50 खिलाड़ी और उनके बराबर स्कोर वाले खिलाड़ी अगले चरण के लिए क्वालिफाई करेंगे
दो कोर्स में अनोखा फॉर्मेट
टाटा ओपन उन चुनिंदा टूर्नामेंट्स में शामिल है, जो दो अलग-अलग कोर्स में आयोजित किया जाता है। पहले राउंड में आधे खिलाड़ी बेलडीह और आधे गोलमुरी कोर्स में खेलेंगे। दूसरे राउंड में दोनों समूह अपने-अपने कोर्स बदलेंगे। कट के बाद तीसरे और चौथे राउंड में खिलाड़ी पहले नौ होल गोलमुरी और अंतिम नौ होल बेलडीह कोर्स में खेलेंगे।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में 2 करोड़ के इनामी पीजीटीआई टाटा स्टील ओपन गोल्फ टूर्नामेंट का भव्य आगाज, प्रो-एम में जोशुआ सील की टीम विजेता
देश–विदेश के दिग्गज खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
टूर्नामेंट में भारत के शीर्ष प्रोफेशनल गोल्फर मैदान में उतरेंगे, जिनमें 2025 PGTI ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन युवराज संधू, 2024 चैंपियन वीर अहलावत, शौर्य भट्टाचार्य, अर्जुन प्रसाद, मनु गंडास, अंगद चीमा, ओम प्रकाश चौहान (पूर्व विजेता), अजीतेश संधू, राशिद खान, खालिन जोशी और चिक्करंगप्पा शामिल हैं।
विदेशी खिलाड़ियों में श्रीलंका के एन थंगराजा और मिथुन परेरा (पूर्व चैंपियन), बांग्लादेश के मो सिद्दिकुर रहमान और जमाल हुसैन, चेक गणराज्य के स्टेपन डानेक, अमेरिका के कोइचिरो सतो, नेपाल के सुभाष तामांग और युगांडा के जोशुआ सील प्रमुख हैं।
पूर्व टाटा ओपन विजेताओं में मुकेश कुमार, शमिम खान और गुरकी शेरगिल भी इस बार चुनौती पेश करेंगे। स्थानीय उम्मीदों का नेतृत्व कुरुश हिरजी करेंगे।
टाटा ओपन अपनी मूल पहचान में लौटा
टाटा स्टील के कॉरपोरेट सर्विसेज़ के वाइस प्रेसिडेंट और जमशेदपुर गोल्फ कैप्टन डी. बी. सुंदरा रामम ने कहा कि यह टूर्नामेंट खेलों के माध्यम से उत्कृष्टता और सामुदायिक सशक्तिकरण के प्रति टाटा स्टील की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि यह इवेंट अपनी मूल पहचान ‘टाटा ओपन’ के रूप में लौट रहा है, जिसे अंतिम बार 2018 में आयोजित किया गया था। 2019 से 2024 तक इसे टाटा स्टील टूर चैंपियनशिप के नाम से जाना गया।
सीज़न फिनाले को लेकर उत्साह
PGTI के सीईओ अमनदीप जोहल ने कहा कि टाटा ओपन की वापसी भारतीय गोल्फ के लिए खास है। सीज़न फिनाले के रूप में यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों के लिए रैंकिंग, अगले सीज़न के कार्ड और प्रतिष्ठा के लिहाज़ से बेहद अहम होगा। उन्होंने इसे दर्शकों के लिए रोमांच से भरपूर सप्ताह बताया।
हरियाली से घिरे बेलडीह और गोलमुरी गोल्फ कोर्स, जिनके पीछे दलमा पहाड़ का मनमोहक दृश्य है, इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को और यादगार बनाएंगे।




