Jamshedpur : झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने राज्य के कई मेडिकल कॉलेजों में प्राचार्य और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के अधीक्षकों के पदों पर बदलाव किया है। कुछ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य रिटायर हो रहे हैं। उनकी जगह नई तैनाती कर दी गई है। इस संबंध में विभाग की ओर से बुधवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया। एमजीएम मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर (Jamshedpur MGM Medical College) के वर्तमान प्राचार्य डॉ दिवाकर हांसदा 31 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
उनकी सेवानिवृत्ति के बाद कॉलेज के ईएनटी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ संजय कुमार को नया प्राचार्य नियुक्त किया गया है। वहीं, एमजीएम मेडिकल कॉलेज (Jamshedpur MGM Medical College) के औषधि विभाग के प्राध्यापक डॉ बलराम झा को एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल का अधीक्षक बनाया गया है।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में मादक पदार्थों के कारोबार पर ऑपरेशन प्रहार, आजादनगर पुलिस ने गांजा तस्कर को किया गिरफ्तार+VDO
इसी क्रम में एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर के एफएमडी विभाग के प्राध्यापक डॉ जक्का श्रीनिवास राव को पलामू स्थित मेदिनी राय चिकित्सा महाविद्यालय का प्राचार्य नियुक्त किया गया है। वर्तमान प्राचार्य डॉ पारस महतो के सेवानिवृत्त होने के बाद यह आदेश 31 जनवरी 2026 से प्रभावी होगा।
हजारीबाग के शेख भिखारी चिकित्सा महाविद्यालय के डीएसएम विभाग के प्राध्यापक डॉ शुभाशीष सरकार को झारखंड चिकित्सा शिक्षा विभाग का निदेशक बनाया गया है। वहीं, इसी कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्राध्यापक डॉ रामकृष्ण महतो को अगले आदेश तक धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय का प्राचार्य नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर के फार्माकोलॉजी विभाग के प्राध्यापक डॉ गजेंद्र कुमार सिंह को दुमका के फूलो-झानो चिकित्सा महाविद्यालय का प्राचार्य बनाया गया है। वर्तमान प्राचार्य अरुण कुमार चौधरी के सेवानिवृत्त होने के बाद 31 दिसंबर से वे पदभार संभालेंगे। वहीं, फूलो-झानो चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल, दुमका के सर्जरी विभाग के प्राध्यापक डॉ रूबेन हेंब्रम को अस्पताल का अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
इन सभी नियुक्तियों और स्थानांतरण का आदेश स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अवर सचिव आनंद कुमार सिन्हा द्वारा जारी किया गया है।




