Jamshedpur : जमशेदपुर में जनगणना के प्री-टेस्ट के पूरा होने के बाद अब जिला सांख्यिकी विभाग ने मुख्य जनगणना (Jharkhand Census) की तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्र सरकार से मिले दिशा-निर्देशों के अनुसार अगले वर्ष अप्रैल से जनगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। यह पूरी प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी।
Jharkhand Census के पहले चरण में जिले के सभी शहरी और ग्रामीण इलाकों में मकानों की गणना की जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण में उन मकानों में रहने वाले लोगों की संख्या दर्ज की जाएगी। इसी आधार पर जिले और राज्य की कुल आबादी तय होगी।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज को मिला नया नेतृत्व, डॉ संजय कुमार बने प्राचार्य, डॉ बलराम झा अस्पताल अधीक्षक
जनगणना को सुचारु रूप से कराने के लिए सभी जिलों में मास्टर ट्रेनर की तलाश शुरू कर दी गई है। पूर्वी सिंहभूम जिले के साथ-साथ पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी यह प्रक्रिया जारी है। चयनित मास्टर ट्रेनरों के नाम रांची भेजे जाएंगे।
चार मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे, जिनमें दो प्रखंड विकास पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा एक कार्यपालक दंडाधिकारी और एक सहायक नगर आयुक्त को भी मास्टर ट्रेनर बनाया जाएगा। जिला सांख्यिकी विभाग सूची तैयार कर रहा है, जिसे उपायुक्त अंतिम रूप देंगे।
मास्टर ट्रेनरों को रांची में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद ये ट्रेनर अपने-अपने जिलों में प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को जनगणना की प्रक्रिया से अवगत कराएंगे। फिलहाल ट्रेनिंग की तारीख तय नहीं हुई है।
केंद्र सरकार के निर्देशानुसार लगभग 800 की आबादी पर एक प्रगणक तैनात किया जाएगा। छह प्रगणकों पर एक सुपरवाइजर होगा। सुपरवाइजर्स की निगरानी चार्ज अधिकारी करेंगे, जिनकी जिम्मेदारी बीडीओ को सौंपी जाएगी। प्रगणक के रूप में अधिकतर शिक्षक-शिक्षिकाओं की नियुक्ति होगी, जबकि सुपरवाइजर के तौर पर लिपिक और अन्य प्रशासनिक कर्मचारी लगाए जाएंगे।




