Home > Crime > कदमा में चोरी का खुलासा, 10 लाख के जेवर-बर्तन बरामद; चापड़ हमला मामले में दो गिरफ्तार

कदमा में चोरी का खुलासा, 10 लाख के जेवर-बर्तन बरामद; चापड़ हमला मामले में दो गिरफ्तार

कदमा थाना क्षेत्र में चोरी और मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं में पुलिस को सफलता (Jamshedpur Crime ) मिली है। एक मामले में बंद घर से कांसा-पीतल के बर्तन और चांदी के सिक्के चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद करने के साथ साकची क्षेत्र से चोरी (Jamshedpur Crime ) किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

वहीं, शास्त्रीनगर में युवक पर चापड़ से हमला करने के मामले में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल खून लगा स्टील का चापड़ भी बरामद किया गया है।

 बंद घर को बनाया था निशाना, CCTV से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को न्यू टीसी कॉलोनी रोड नंबर-2 निवासी महुआ सिन्हा बाबु के बंद घर में अज्ञात चोरों ने घुसकर कांसा-पीतल के बर्तन, चांदी के पांच सिक्के और अन्य सामान चोरी कर लिए थे। शिकायत के बाद कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर चोरी की घटना के उद्भेदन के लिए छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर जांच करते हुए 11 सितंबर को मो. जफर खान को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, जफर खान की निशानदेही पर फार्म एरिया रोड नंबर-2 स्थित एक जर्जर खाली क्वार्टर में छिपाकर रखा गया चोरी का सामान बरामद किया गया। जांच के दौरान उसके पास से साकची थाना क्षेत्र में हुई चोरी के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद होने की जानकारी सामने आई।

सोने-चांदी के आभूषण और बर्तन बरामद

पुलिस ने जफर खान के पास से कांसा के चार लोटा, दो गिलास, एक गगरा, तीन थाली, पीतल की एक परात, दो बड़ी हांडी, एक जग और दो गमले बरामद किए।

इसके अलावा करीब 26.17 ग्राम सोने का हार, 3.67 ग्राम का मांगटीका, 1.50 ग्राम और 0.85 ग्राम के सोने के कान के टॉप तथा 0.31 ग्राम की सोने की नथ बरामद की गई।

चांदी के सामान में करीब 163.355 ग्राम की थाली, 46.40 ग्राम का गिलास, 45.63 ग्राम का कटोरा, 22.70 ग्राम के चार बेर और करीब 6.04 ग्राम की तीन अंगूठियां शामिल हैं। पुलिस ने बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. जफर खान, पिता स्व. वकील खान के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता धातकीडीह हरिजन बस्ती, ठक्कर बाबा स्कूल के पास, थाना बिष्टुपुर बताया गया है। उसका स्थायी पता गरीब नवाज कॉलोनी, पहलवान डेरा के पीछे, थाना जुगसलाई, पूर्वी सिंहभूम है।

शास्त्रीनगर में युवक पर चापड़ से हमला, दो गिरफ्तार

दूसरी घटना 10 सितंबर की रात कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 की है। रात करीब 9.30 बजे बाबा फर्नीचर के सामने मुख्य सड़क पर कुछ युवकों ने मो. कैफ (24) पर चापड़ से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर चोट लगी, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।

कैफ के लिखित आवेदन पर कदमा थाना में कांड संख्या 99/2026 दर्ज किया गया। प्राथमिकी में मो. दिलरेज खान और जिशान अंसारी को आरोपी बनाया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर SIT का गठन किया गया। टीम ने जांच के दौरान मुख्य आरोपियों मो. दिलरेज खान (20) और जिशान अंसारी (करीब 23) को गिरफ्तार कर लिया।

इसे भी पढ़ें – साकची क्वार्टर में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; दूसरे के पास से भी जेवर बरामद+VDO

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल खून लगा स्टील का चापड़ भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।

You may also like
Ranchi Market: छह भारतीय समुदायों की दुल्हनों के लिए ‘रिवाह बाए तनिष्क’ ने लॉन्च किया ‘वेडिंग सिग्नेचर्स’ कलेक्शन
Jamshedpur Electronics : क्रोमा में आईफोन 18 प्रो की प्री-बुकिंग शुरू, 12 हजार रुपये तक एक्सचेंज बोनस
ग्रिल तोड़कर अधिवक्ता के घर घुसे चोर, 17 लाख के जेवरात और नकदी लेकर फरार+VDO
प्रिंस खान के भाई बंटी का धनबाद में पैदल मार्च, पूछताछ में खुले गिरोह के नए राज+VDO

Leave a Reply