Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध मादक पदार्थ तस्करी (Sidgora Brown Sugar Smuggling) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बारीडीह वर्कर्स फ्लैट के पास छापामारी कर पुलिस ने दो युवकों को 43 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। सोमवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस को 14 दिसंबर की रात करीब 10.30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक इलाके में ब्राउन शुगर (Sidgora Brown Sugar Smuggling) की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देश पर डीएसपी हेडक्वार्टर वन, पूर्वी सिंहभूम के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस वाहन को देखकर दोनों युवक मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टिंकु लाल साहु उर्फ टिंकू लाल (25 वर्ष) और संतोष बागती उर्फ तेल (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान टिंकु लाल के पास से 23 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जबकि संतोष बागती के पास से 20 पुड़िया ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम कार्ड मिला। कुल 43 पुड़िया ब्राउन शुगर का वजन 4.86 ग्राम बताया गया है।
इसे भी पढ़ें – भाजपा संगठन महापर्व: जमशेदपुर में 17 मंडलों के अध्यक्ष व प्रतिनिधि निर्वाचित, कार्यालय में दिन भर रही गहमागहमी+VDO
मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह मोटरसाइकिल 30 नवंबर को बजरंग चौक से चोरी की गई थी, जिसका मामला सिदगोड़ा थाना में दर्ज है। आरोपी किसी भी तरह के वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
डीएसपी ने बताया कि टिंकु लाल साहु का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी एनडीपीएस एक्ट व चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। इस मामले में सिदगोड़ा थाना में बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।




