Home > Crime > Seraikela News: सरायकेला में आदिवासी युवती से कथित हिंसा मामले में बड़ी कार्रवाई, कपाली ओपी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

Seraikela News: सरायकेला में आदिवासी युवती से कथित हिंसा मामले में बड़ी कार्रवाई, कपाली ओपी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी की एक आदिवासी युवती के साथ कथित मारपीट और हिंसा के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई (Seraikela News) की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चांडिल को जांच का निर्देश दिया था। प्रारंभिक जांच में कपाली ओपी के तीन पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित (Seraikela News) कर दिया गया है।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) मो. मुकलेसुर रहमान और महिला आरक्षी कंचन शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है और जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।

पूछताछ के दौरान मारपीट का आरोप

कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी निवासी अल्पना माहली ने कपाली ओपी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि 15 जून की शाम उसे फोन कर पूछताछ के लिए कपाली ओपी बुलाया गया था। वहां उसकी लापता सहेली तस्कीन खानम के संबंध में जानकारी मांगी गई। अल्पना का आरोप है कि पूछताछ के दौरान उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। उसने दावा किया कि उस समय ओपी प्रभारी भी मौके पर मौजूद थे।

अल्पना माहली के अनुसार, उसकी दोस्ती वर्ष 2018 में सिंहभूम कॉलेज, चांडिल में पढ़ाई के दौरान तस्कीन खानम से हुई थी। वर्ष 2019 और 2021 में दोनों के घर छोड़कर जाने की घटनाएं भी सामने आई थीं, हालांकि बाद में परिजन उन्हें वापस ले आए थे। इस बार तस्कीन खानम अकेले लापता हुई है, लेकिन पुलिस को संदेह है कि अल्पना को उसके ठिकाने की जानकारी हो सकती है। इसी आधार पर उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया था।

बेहोश होने तक पिटाई का दावा

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह कुछ समय के लिए बेहोश हो गई थी। उसका कहना है कि बाद में पुलिसकर्मियों ने ही उसे पानी पिलाकर होश में लाया और दर्द कम करने के लिए दवा भी दी।

इसे भी पढ़ें – 18 जून को होगी वोटिंग, परिमल नथवाणी का पलड़ा कांग्रेस से भारी, क्रॉस वोटिंग रोकने में पोलिंग एजेंटों की रहेगी अहम भूमिका

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। हालांकि मामले में पुलिस की ओर से अभी तक विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

You may also like
सिरोमन सिंह अकैडमी में स्वर्गीय ठाकुर सिरोमन सिंह की 26वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा
रघुवर दास ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से की मुलाकात, संताली की ओलचिकी लिपि में पाठ्य सामग्री प्रकाशित करने का आग्रह
जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार ने छात्राओं से कहा—ज्ञान और प्रतिभा से देश के विकास में दें योगदान+VDO
जमशेदपुर जिला बार संघ के अधिवक्ता अमित वर्मा का निधन, 7 सितंबर को दूसरी पाली में कार्य से विरत रहेंगे अधिवक्ता

Leave a Reply