Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने सोमवार को एमजीएम अस्पताल प्रबंधन के साथ बैठक की। बैठक में तय किया गया कि अस्पताल से निकलने वाला मेडिकल वेस्ट (Jamshedpur Medical Waste) अब हिल व्यू कॉलोनी और रिपीट कॉलोनी की सीमा पर नहीं फेंका जाएगा। (Jamshedpur Medical Waste) के लिए अस्पताल परिसर में ही वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।
विधायक सरयू राय ने कहा कि इलाके के लोग दुर्गंध से परेशान हैं, इसलिए गंध दूर करने की ठोस व्यवस्था होनी चाहिए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि रिहायशी इलाकों और एमजीएम अस्पताल के बीच की बाउंड्री बिल्कुल खाली छोड़ी जाए और उसके किनारे-किनारे पेड़ लगाए जाएं। वहां कोई निर्माण कार्य नहीं कराया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में बाराद्वारी मैदान में द ट्रैडिंग डांडिया नाइट का आयोजन 28 सितंबर को, मोबाइल व आभूषण जीतने का मौका
बैठक के दौरान सरयू राय ने आईसीयू निर्माण का मामला भी उठाया। उन्होंने बताया कि एक अन्य संस्था अस्पताल परिसर में आईसीयू का निर्माण कर रही है और वहां गंदगी फैला दी है। संस्था ने नाले के ऊपर अस्थायी शौचालय बना दिया है। विधायक ने स्पष्ट कहा कि जब तक संस्था अपनी व्यवस्था ठीक नहीं करती, तब तक उसका काम रोक दिया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में एमजीएम अस्पताल की लापरवाही से आसपास के रिहायशी इलाकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। बैठक में मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक आरके मंधान, उपाधीक्षक नकुल चौधरी, प्रिंसिपल दिवाकर हांसदा और डॉ. मांझी मौजूद रहे।




