Home > Jamshedpur > जमशेदपुर के सभी दुर्गा पूजा पंडालों में लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे, तैनात होंगी महिला वॉलिंटियर+VDO

जमशेदपुर के सभी दुर्गा पूजा पंडालों में लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे, तैनात होंगी महिला वॉलिंटियर+VDO

दुर्गापूजा में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन की बैठक, सहयोग की अपील

Jamshedpur (Jharkhand) : दुर्गापूजा (Jamshedpur Durga Puja) को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है। सोमवार को टाउन हॉल, सिदगोड़ा में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने केंद्रीय शांति समिति के साथ बैठक की। बैठक में विधि व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

Jamshedpur Durga Puja को लेकर हुई बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने पूजा समितियों की ओर से साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति, महिला आरक्षियों की तैनाती, ट्रैफिक प्रबंधन, सड़क मरम्मत, ड्रॉप गेट और विसर्जन घाट की सुविधाओं पर सुझाव दिए। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि थानावार बैठकों से मिले फीडबैक के आधार पर सभी आवश्यक इंतज़ाम समय पर पूरे कर लिए जाएंगे।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी व्यवस्थाओं की सतत समीक्षा की जा रही है। उन्होंने पंडाल समितियों से तय विसर्जन रूट का पालन करने, जनरेटर और माइक सिस्टम दुरुस्त रखने, पार्किंग स्थल पूर्व चिन्हित करने तथा सीसीटीवी सिस्टम की जांच सुनिश्चित करने को कहा।

इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में जमीन विवाद में हुआ खूनखराबा, युवक की कर दी हत्या

वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि पंडाल समितियां महिला वॉलंटियर्स रखें और बिजली व अग्निशमन विभाग से अनिवार्य एनओसी प्राप्त करें। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली फेक न्यूज से सावधान रहने और उसकी सत्यता की जांच करने की अपील की।

बैठक में यह भी तय किया गया कि पंडालों की क्षमता से अधिक भीड़ नहीं होनी चाहिए। प्रवेश और निकास द्वार अलग-अलग हों, सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाए और वॉलंटियर की सूची संबंधित थाना को उपलब्ध कराई जाए। इसके अतिरिक्त खोया-पाया काउंटर और फर्स्ट एड बॉक्स हर पंडाल में उपलब्ध रखना अनिवार्य होगा।

इस अवसर पर रूरल एसपी ऋषभ गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, एसओआर राहुल आनंद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी जुल्फीकार अंसारी, एनडीसी डेविड बलिहार, अपर नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, डीटीओ धनंजय, एसडीओ धालभूम चंद्रजीत सिंह, डीपीआरओ पंचानन उरांव समेत सभी बीडीओ, सीओ, डीएसपी और थाना प्रभारी उपस्थित थे।

You may also like
एटीएम से मिनटों में मिलेगा रुपे कार्ड, यूपीआई से ले सकेंगे क्रेडिट
Jamshedpur News: कदमा का 50 बेड वाला धनवंतरी आयुष अस्पताल जल्द होगा शुरू, DC ने दिए आदेश
Jamshedpur Police: ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट शुरू, WhatsApp पर घर बैठे मिलेंगी कई सेवाएं+VDO
महिंद्रा ने लॉन्च की नई वीरो सीएनजी, डीजल मॉडल भी अपग्रेड; कीमत और फीचर जानें

Leave a Reply