Home > Jamshedpur > जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के टिकट के लिए दावेदारों की लगी लंबी कतार, जेपी नड्डा तक पहुंच बनाने में जुटे लोग

जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के टिकट के लिए दावेदारों की लगी लंबी कतार, जेपी नड्डा तक पहुंच बनाने में जुटे लोग

न्यूज बी पालिटिकल रिपोर्टर, जमशेदपुर : झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जोड़-तोड़ का काम शुरू हो गया है। जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ने के लिए भाजपा से कई उम्मीदवार सामने आ रहे हैं। ये उम्मीदवार मैदान में उतर कर समाज सेवा के जरिए लोगों तक अपनी पहुंच बनाने की कवायद में जुट गए हैं। यही नहीं टिकट पाने के लिए भी दौड़-धूप शुरू हो गई है। कुछ नेता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तक पहुंच बनाने में लगे हैं, तो कुछ नेता पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के भरोसे अपने टिकट को पक्का मान रहे हैं। हाल ही में भाजपा ने झारखंड में संगठन की कमान पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को सौंपी है। ऐसे में टिकट के दावेदार बाबूलाल मरांडी को खुश करने में लगे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के चुनाव में भाजपा को टिकट देने के लिए काफी जद्दोजहद का सामना होगा।
पुलिस पड़ी पीछे तो कदमा – सोनारी तक निशाना
भाजपा से जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट के दावेदार समाज सेवा में जुट गए हैं। इसमें पहला नाम भाजपा के नेता विकास सिंह का है। विकास सिंह पहले नगर निगम के मेयर पद के लिए चुनाव लड़ने का मन बनाए हुए थे। लेकिन, जब से उनके खिलाफ पुलिस पीछे पड़ी। सूत्र बताते हैं कि अब वह विधानसभा चुनाव की तैयारी में मन से लग गए हैं। लोगों की छोटी-छोटी समस्याओं पर उनकी नजर है। उनके मोहल्लों तक जाना। उनके लिए प्रदर्शन करना, अधिकारियों से बात करना और समस्याओं को हल कराना उनका काम है। विकास सिंह हर साल श्रद्धालुओं को कांवर यात्रा पर ले जाते हैं। हर साल सिर्फ मानगो से ही लोग कांवर यात्रा पर ले जाए जाते थे। लेकिन, इस बार विकास सिंह ने इसका दायरा बढ़ा दिया है। जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आने वाले स्वर्णरेखा नदी के उस पार के इलाके को भी कार्य क्षेत्र में शामिल किया गया है। इस बार कांवर यात्रा में मानगो के अलावा कदमा और सोनारी क्षेत्र से भी श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन किया गया है। यह सभी श्रद्धालु मानगो से रविवार को कांवड़ यात्रा पर रवाना हो गए हैं।
नीरज सिंह भी पिला रहे पानी
भाजपा नेता नीरज सिंह भी समाज सेवा के काम में जुड़ गए हैं। उन्होंने इस बार अपने नाम का एक टैंकर बनाया है। जहां-जहां भी जल संकट होता है या पानी नहीं पहुंचता, वहां नीरज सिंह का जल टैंकर पहुंच जाता है। लोगों को पानी पिलाया जा रहा है। पिछले महीने आंधी तूफान में कदमा इलाके में एक किशोरी की मौत हुई थी। नीरज सिंह उनके घर भी पहुंचे थे और मदद का आश्वासन दिया था। इसके अलावा कदमा सोनारी के कई धार्मिक कार्यक्रमों में भी नीरज सिंह की सक्रियता बढ़ गई है। नीरज सिंह भी टिकट की दावेदारी मजबूती से पेश कर रहे हैं।
टिकट की जोड़-तोड़ में जुटे हैं अभय सिंह
भाजपा नेता काशीडीह निवासी अभय सिंह जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की टिकट की जोड़-तोड़ में जुटे हुए हैं। ऐसा राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है। इसी के चलते अभय सिंह जमशेदपुर पश्चिम से विधायक स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को हर मोड़ पर घेरते रहे हैं। कदमा हिंसा में नाम आने के बाद जेल में बंद अभय सिंह की भाजपा के टिकट पर दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। माना जा रहा है कि कदमा हिंसा मामले में जेल जाने से जमशेदपुर पश्चिम में वह भाजपा के लिए मुफीद साबित हो सकते हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की अभय सिंह से गहरी दोस्ती भी अभय सिंह का पक्ष मजबूत कर रही है। जब बाबूलाल मरांडी ने भाजपा छोड़कर झारखंड विकास मोर्चा बनाया था, तो अभय सिंह भी भाजपा त्याग कर उनके साथ चले गए थे। बाबूलाल मरांडी के लिए पार्टी की कुर्बानी देने वाले अभय सिंह बाबूलाल मरांडी से रिश्ते खास हैं। बाबूलाल मरांडी अभय सिंह से मिलने घाघीडीह जेल भी गए थे। अब जब प्रदेश की कमान बाबूलाल मरांडी के पास है, तो जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीट से अभय की टिकट की दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है।
विधायक सरयू राय भी हैं कतार में
अंदर खाने ये खबर चल रही है कि जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय भाजपा में जा सकते हैं। इसके लिए बातचीत चल रही है। विधायक के खासम खास कहे जाने वाले एक नेता ने बताया कि जल्द ही सरयू राय भाजपा में आ रहे हैं और जमशेदपुर पश्चिम से चुनाव भी लड़ेंगे। खबर में कितना दम है ये समय बताएगा। लेकिन, विधायक सरयू राय अगर भाजपा में आते हैं तो वह जमशेदपुर पश्चिम से ही चुनाव लड़ेंगे।
…..तो इसलिए बिगड़ गया था भाजपा का खेल
कहा जा रहा है कि भाजपा ने जब जमशेदपुर पश्चिम से उनको टिकट देने में देर की थी। तभी उन्होंने निर्दलीय के रूप में जमशेदपुर पूर्वी से नामांकन कर दिया था। अपने चिर प्रतिद्वंदी पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को चुनाव में पटखनी दे कर अपना सियासी कद ऊंचा कर लेने वाले सरयू राय चुनाव में बन्ना गुप्ता के पसीने छुड़ा सकते हैं। राजनीतिक सूत्रों का मानना है कि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता कि यह राजनीतिक चाल थी कि वह भाजपा को पार्टी ज्वाइन करने का लालच दिए हुए थे। भाजपा इसी उहापोह में फंसी रह गई कि बन्ना गुप्ता आएंगे। इसीलिए सरयू राय को हरी झंडी नहीं दी गई। मगर, बाद में बन्ना गुप्ता किन्हीं कारणों से भाजपा में नहीं जा सके और फिर जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा सीट पर भाजपा का खेल बिगड़ गया था। इसलिए इस बार जमशेदपुर पश्चिम सीट पर भाजपा फूंक-फूंक कर कदम रखेगी और पुरानी गलती दोहराने से बचेगी।

You may also like
जाकिरनगर में महिला ने की आत्महत्या, पति से फोन पर बातचीत के कुछ देर बाद उठाया कदम
झारखंड स्टेट बार काउंसिल ने 63 नए अधिवक्ताओं को सौंपे एनरोलमेंट सर्टिफिकेट, हाईकोर्ट में हुआ सम्मान समारोह
Yemen-Saudi War : यमन की सशस्त्र सेना का सऊदी अरब पर बड़ा हमला, अरामको के ठिकानों पर बैलिस्टिक, क्रूज मिसाइल और ड्रोन से किए सटीक प्रहार
Jamshedpur News: छात्र आंदोलन की जीत पर दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि, बाबर खान फैंस क्लब ने 26 जुलाई को दो मिनट मौन की अपील