Chaibasa (Jharkhand) : कोल्हान विश्वविद्यालय ने (Kolhan University) झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग (DHTE) की अप्रेंटिसशिप योजना के तहत 129 प्रशिक्षु पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। यह अवसर राज्य के स्नातक और डिप्लोमा उत्तीर्ण युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगारपरक कौशल देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन (Kolhan University) द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार वर्ष 2021 से 2025 के बीच झारखंड के मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक अथवा डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने वाले उम्मीदवार का झारखंड निवासी होना अनिवार्य है।
19 मई तक करें आवेदन
इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 19 मई 2026 तक निर्धारित पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले NATS ID बनाना जरूरी होगा।
मिलेगा 12 हजार तक स्टाइपेंड
योजना के तहत स्नातक प्रशिक्षुओं को हर महीने 12 हजार रुपये और डिप्लोमा प्रशिक्षुओं को 10 हजार रुपये स्टाइपेंड दिया जाएगा। स्नातक प्रशिक्षुओं का स्टाइपेंड झारखंड सरकार और राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रशिक्षण योजना (NATS) के संयुक्त सहयोग से मिलेगा।
एक साल की होगी ट्रेनिंग
प्रशिक्षण की अवधि एक वर्ष तय की गई है। प्रशिक्षुओं की नियुक्ति प्रशासनिक अनुभाग, लेखा शाखा, फिजिक्स लैब, केमिस्ट्री लैब, बॉटनी लैब, जूलॉजी लैब, कंप्यूटर लैब और पुस्तकालय समेत विभिन्न विभागों में की जाएगी।
इन पदों का आवंटन विश्वविद्यालय के विभिन्न अंगीभूत कॉलेजों और विभागों में किया गया है। श्रेणीवार पदों में सामान्य वर्ग के लिए 58, अनुसूचित जाति के लिए 14, अनुसूचित जनजाति के लिए 30, बीसी-1 के लिए 12, बीसी-2 के लिए 6 और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 9 पद निर्धारित किए गए हैं।
मेरिट के आधार पर होगा चयन
चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी। किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं ली जाएगी। स्नातक या डिप्लोमा परीक्षा में प्राप्त अंकों के प्रतिशत के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। समान अंक होने पर अधिक आयु वाले अभ्यर्थी को प्राथमिकता मिलेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि यह प्रशिक्षण पूरी तरह अस्थायी होगा और इससे नियमित नियुक्ति का दावा मान्य नहीं होगा।
इसे भी पढ़ें – देहरादून गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड : जमशेदपुर में दूसरे दिन भी कुर्की-जब्ती, फरार आरोपियों के घरों से नहीं मिला खास सामान
पहले अप्रेंटिस कर चुके उम्मीदवार नहीं होंगे पात्र
जो अभ्यर्थी पहले अप्रेंटिसशिप कर चुके हैं या वर्तमान में किसी प्रशिक्षण में शामिल हैं, वे आवेदन नहीं कर सकेंगे। इच्छुक छात्र अपने कॉलेज के स्टूडेंट रिसोर्स सेंटर या नजदीकी CSC केंद्र से भी आवेदन कर सकते हैं।
कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने विद्यार्थियों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह पहल युवाओं को व्यावहारिक अनुभव और रोजगारोन्मुख कौशल प्रदान करेगी।




