Home > Lifestyle > रांची से उड़ा एयर एंबुलेंस चतरा में क्रैश, सात की मौत

रांची से उड़ा एयर एंबुलेंस चतरा में क्रैश, सात की मौत

Ranchi/ Chatra (Jharkhand): झारखंड में सोमवार रात एक दर्दनाक विमान हादसा (Ranchi Plane Crash)  हुआ। रेडबर्ड एयरवेज की एयर एंबुलेंस, जो रांची से दिल्ली के लिए उड़ी थी, चतरा जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस मेडिकल चार्टर्ड फ्लाइट में कुल सात लोग सवार थे। इनमें दो पायलट, एक मरीज, एक डॉक्टर, दो अटेंडेंट और एक पैरामेडिक। हादसे में सभी सात लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान के टुकड़े और शव घटनास्थल (Ranchi Plane Crash) पर देखे गए हैं। दुर्घटना चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्माटांड़ गांव के पास घने जंगलों में हुई। बताया गया कि टेकऑफ के कुछ ही देर बाद एयर एंबुलेंस रडार से गायब हो गई थी, जिसके बाद यह हादसा सामने आया।

कौन-कौन थे विमान में सवार

जानकारी के मुताबिक, विमान में कैप्टन विवेक विकास भगत और स्वराजदीप सिंह के अलावा मरीज संजीव कुमार, अटेंडेंट अर्चना देवी व ध्रुव कुमार, डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता और पैरामेडिक सचिन कुमार मिश्रा सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया।

प्रशासन और पुलिस का बयान

चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री जी. ने बताया कि विमान शाम करीब 7:30 बजे लापता हुआ और सिमरिया के बरियातु पंचायत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त मिला। घने जंगल के कारण तत्काल हताहतों की आधिकारिक पुष्टि संभव नहीं हो सकी है। वहीं, चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने भी विमान क्रैश की पुष्टि की है।

रांची एयरपोर्ट निदेशक ने क्या कहा

रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि एयर एंबुलेंस ने शाम करीब 7:10 बजे उड़ान भरी थी। उड़ान के लगभग 20 मिनट बाद विमान का हवाई यातायात नियंत्रण (ATC) से संपर्क टूट गया। खराब मौसम को हादसे का संभावित कारण बताया गया है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

डीजीसीए का आधिकारिक बयान

डीजीसीए ने बताया कि 23 फरवरी 2026 को रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट सी-90 (वीटी-एजेवी) रांची–दिल्ली मार्ग पर एयर एंबुलेंस उड़ान पर था, जो चतरा जिले की कसरिया पंचायत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान ने 19:11 बजे उड़ान भरी थी और 19:34 बजे संचार व रडार संपर्क टूट गया। जिला प्रशासन की खोज एवं बचाव टीम मौके पर है, जबकि वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (AAIB) की टीम जांच के लिए भेजी जा रही है।

Ranchi Plane Crash: रेडबर्ड के बेड़े में छह विमान

डीजीसीए की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली स्थित गैर-निर्धारित उड़ान संचालक रेडबर्ड एयरवेज के बेड़े में कुल छह विमान हैं, जिनमें यह दुर्घटनाग्रस्त विमान भी शामिल था।

इसे भी पढ़ें – सीतारामडेरा में दिल दहला देने वाली घटना: भाई-बहन ने एक ही पंखे से लगाई फांसी, बीमारी से थे परेशान

Ranchi Plane Crash: मरीज को बेहतर इलाज के लिए ले जाया जा रहा था दिल्ली

रांची के देवकमल अस्पताल के सीईओ अनंत सिन्हा ने बताया कि लातेहार जिले के चंदवा निवासी 41 वर्षीय मरीज को 65 प्रतिशत जलने के बाद 16 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेहतर इलाज के लिए परिवार ने उसे दिल्ली ले जाने का निर्णय लिया और सोमवार को एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी। दुर्भाग्यवश, यह यात्रा हादसे का शिकार हो गई।

You may also like
ग्रो म्यूचुअल फंड ने लॉन्च किया ‘ग्रो स्मॉल कैप फंड’, 22 जनवरी तक खुला एनएफओ
स्मार्टफोन से स्मार्ट टीवी तक क्रोमटैस्टिक दिसंबर सेल, अब सिर्फ 14,990 रुपये से दमदार ऑफर्स
गोवा अग्निकांड में मारे गए झारखंड के तीन युवकों के शव पहुंचे रांची, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
बीपीआरएंडडी का सीसीटीवी निगरानी हैकथॉन 2.0 संपन्न, स्वदेशी तकनीक से कानून प्रवर्तन को मिलेगी नई ताकत

Leave a Reply