Jamshedpur (Jharkhand) : मोबाइल फोन गुम होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी राहत दी है। पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत 100 लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर (Jamshedpur Mobile Recovery) उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। शनिवार, 7 नवंबर 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मोबाइल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (नगर) और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) भी मौजूद रहे।
पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन मुस्कान के तहत अब तक 11 चरणों में बड़ी संख्या में मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को लौटाए जा चुके हैं। अभियान के पहले 10 चरणों में 3,205 मोबाइल फोन उनके (Jamshedpur Mobile Recovery) मालिकों को सौंपे गए थे। इसके अलावा राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रत्येक महीने की 25 तारीख को चलाए जाने वाले विशेष मोबाइल वितरण अभियान के तहत 68 फोन वापस किए गए थे। अब 11वें चरण में 100 मोबाइल फोन लौटाए जाने के बाद कुल बरामदगी और वितरण का आंकड़ा 3,373 पहुंच गया है।
तकनीकी संसाधनों से खोजे जा रहे गुम मोबाइल
जमशेदपुर पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए तकनीकी संसाधनों, लगातार अनुसंधान और विभिन्न स्तरों पर समन्वय का सहारा लिया जा रहा है। इस अभियान से लोगों को उनकी खोई हुई संपत्ति वापस मिल रही है। साथ ही पुलिस और आम नागरिकों के बीच विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
WhatsApp से भी दर्ज करा सकते हैं मोबाइल गुम होने की शिकायत
पुलिस ने मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज कराने के लिए जोहार पुलिस और मोबाइल चैटबॉट की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके तहत नागरिक 9471167577 और 9006123444 पर WhatsApp के माध्यम से ‘Hi’, ‘Help’ या ‘Johar’ लिखकर संदेश भेज सकते हैं। इसके बाद मिलने वाले लिंक पर निर्धारित फॉर्म भरकर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
CEIR पोर्टल से मोबाइल करा सकते हैं ब्लॉक
मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में भारत सरकार के आधिकारिक CEIR पोर्टल www.ceir.gov.in का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए संबंधित थाने में आवेदन देकर सनहा (स्टेशन डायरी) दर्ज कराना आवश्यक है। इसके बाद पोर्टल पर पंजीकरण कर मोबाइल को ब्लॉक कराया जा सकता है। मोबाइल का पता चलने पर आवेदक को SMS के माध्यम से सूचना दी जाती है।
जमशेदपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर बिना देरी किए संबंधित थाने अथवा निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते मोबाइल की बरामदगी के लिए कार्रवाई की जा सके।




