Jamshedpur : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया से 13 जनवरी को अगवा (Jamshedpur Kairav Kidnapping)किए गए युवा उद्यमी कैरव गांधी को अपहरणकर्ताओं ने बिहार के गया जिले के उग्रवाद प्रभावित बीसर गांव में छिपाकर रखा था। पहाड़ और नदी से घिरे इस सुदूर गांव में एक मकान को ठिकाना बनाया गया था। पुलिस ने कैरव की सकुशल बरामदगी के बाद जब छापेमारी की, तो उसी लोकेशन की पुष्टि हुई जिसका जिक्र कैरव (Jamshedpur Kairav Kidnapping) ने पूछताछ में किया था।
इस सनसनीखेज अपहरण कांड में पुलिस ने छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों में तीन नालंदा, दो गया और एक पटना का निवासी है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली है। गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी पुलिस दबिश के समय छत से कूद गया, जिससे उसका पैर टूट गया। वहीं मुठभेड़ में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी है। सभी घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।
एसआईटी ने संभाली कमान, लगातार दबिश से टूटा गैंग
कैरव की सुरक्षित बरामदगी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीमों ने झारखंड और बिहार में कई ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। बिहार पुलिस से समन्वय बनाकर गैंग की घेराबंदी की गई।लगातार दबाव के कारण अपहरणकर्ता घबरा गए और 26 जनवरी की रात कैरव को हजारीबाग के पास जीटी रोड पर चौपारण-बरही के बीच छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने 27 जनवरी को कैरव को सकुशल परिजनों को सौंप दिया।
बरही से तीन की गिरफ्तारी, पूछताछ में खुले राज
बरही के पास से रमेश, इमरान और गुड्डू सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में इनके नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसके बाद उपेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह और मोहन प्रसाद को भी दबोचा गया।
स्थानीय नेटवर्क की भी भूमिका
एसपी ने बताया कि अपहरण में स्थानीय अपराधियों ने रेकी कर जानकारी बिहार के गैंग को दी थी। इस स्थानीय नेटवर्क की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पिस्टल बरामदगी के दौरान मुठभेड़
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कैरव को पिस्तौल दिखाकर अगवा किया गया था। जांच के दौरान साईं मंदिर के पास झुरमुट में छिपाई गई पिस्टल बरामद करने ले जाया गया, तभी एक बदमाश ने पुलिस की कार्बाइन छीनकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश घायल हो गए।
इसे भी पढ़ें – कदमा के रामजन्म नगर से महिला दो बच्चों संग लापता, परिजनों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत+VDO
बदमाशों ने छह गोलियां चलाईं, जबकि पुलिस ने पांच राउंड फायर किए। सौभाग्य से पुलिसकर्मियों को कोई चोट नहीं आई। पुलिस अब फरार अपराधियों और स्थानीय सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।




