Jamshedpur (Jharkhand) : गोलमुरी थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े फल कारोबारी कन्हैया यादव की गोली मारकर हत्या (Golmuri Murder) कर दी गई। घटना थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। हत्या के बाद शहर के फल कारोबारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। देर शाम इलाज के दौरान कन्हैया यादव ने टीएमएच में दम तोड़ (Golmuri Murder) दिया।
बताया जा रहा है कि कन्हैया यादव सुबह मार्निंग वॉक से लौटकर घर के सामने बैठे हुए थे। तभी बाइक सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं और आराम से फरार हो गए। गोलीबारी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
कन्हैया यादव को तीन गोलियां लगी थीं, जिनमें दो सिर में और एक पैर में लगी। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां देर शाम करीब साढ़े सात बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों के आवेदन पर हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
इधर, हत्या के बाद गोलमुरी में माहौल तनावपूर्ण हो गया। कन्हैया यादव के समर्थकों और परिजनों ने थाने पर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि सोमवार को ही संजय यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को सूचना दी थी कि कुछ बदमाश कन्हैया यादव की रेकी कर रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो यह घटना टल सकती थी।
इसे भी पढ़ें – टाटानगर स्टेशन पर मोबाइल चोर गिरफ्तार, आरपीएफ की सख्त कार्रवाई; तीन बार जेल जा चुका आरोपी+VDO
परिजनों का यह भी आरोप है कि सुबह से लेकर अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं और आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। समर्थकों ने चेतावनी दी है कि जब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे आंदोलन जारी रखेंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और शहर में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।




