Ranchi : झारखंड में 521 करोड़ रुपये के चिटफंड घोटाले (Jamshedpur Maxizone Scam) पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। ईडी ने मैक्सीजोन टच प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े इस मामले में ईसीआईआर संख्या 9/2025 दर्ज की है। मामले (Jamshedpur Maxizone Scam) में इस कंपनी के निदेशक चंद्रभूषण सिंह उर्फ दीपक सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह मुख्य आरोपी हैं।
ईडी ने जमशेदपुर के साकची थाने में दर्ज प्राथमिकी को टेकओवर कर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच तेज कर दी है। कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद एजेंसी तीन दिनों तक जेल में बंद दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी।
इसे भी पढ़ें – टाटा स्टील यूआईएसएल के कर्मचारियों को 6.676 करोड़ रुपये का बोनस, जमशेदपुर में खुशी की लहर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दंपति ने जमशेदपुर में कंपनी का पंजीकरण कर निवेशकों को कम समय में ज्यादा मुनाफे का झांसा दिया और 521 करोड़ रुपये की ठगी कर डाली। इनके खिलाफ झारखंड में तीन एफआईआर दर्ज हैं, जबकि बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और कर्नाटक में भी शिकायतें सामने आई हैं।
16 सितंबर को ईडी ने झारखंड समेत कई राज्यों में छापेमारी कर ठगी से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए। इस दौरान फर्जी आधार कार्ड भी जब्त किए गए, जो चंद्रभूषण सिंह के नाम पर बने थे। एजेंसी के अनुसार आरोपी तीन साल से पुलिस की गिरफ्त से बचते फिर रहे थे।
गौरतलब है कि नौ सितंबर को साकची पुलिस ने दोनों को गोमो रेलवे स्टेशन से तब गिरफ्तार किया था जब वह दिल्ली से भुवनेश्वर जा रहे थे। यह कार्रवाई निवेशकों के हित में एक बड़ी पहल मानी जा रही है।




