Jamshedpur : झारखंड स्थापना दिवस समारोह-2026 के अवसर पर आयोजित भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता में पूर्वी सिंहभूम जिले के 500 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शुक्रवार, 20 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में पारंपरिक जनजातीय खेलों के साथ तीरंदाजी, हॉकी और वॉलीबॉल जैसी स्पर्धाएं भी (Jamshedpur Foundation Day Programme) हुईं।
पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार तथा जिला प्रशासन की खेल शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के तहत बिष्टुपुर स्थित आर्मरी ग्राउंड में गुलेल, मटका दौड़, गेड़ी दौड़ और भारा दौड़ जैसी पारंपरिक खेल स्पर्धाएं कराई (Jamshedpur Foundation Day Programme) गईं। वहीं, जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में तीरंदाजी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं हुईं, जबकि हॉकी के मुकाबले नवल टाटा हॉकी अकादमी में आयोजित किए गए।
हॉकी प्रतियोगिता में तीन बालक और दो बालिका टीमों ने हिस्सा लिया। फुटबॉल प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिला। इसमें 16 बालक और चार बालिका टीमों ने भागीदारी की।
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारा दौड़ के बालक वर्ग में निखिल विनोद ने पहला और मनोज सिंह ने दूसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में बबीता बिरूली विजेता रहीं, जबकि संगीता मुर्मू दूसरे स्थान पर रहीं। मटका दौड़ के बालक वर्ग में शिवचरण मांझी ने बाजी मारी और सूरज हंसदा दूसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में संगीता मुर्मू ने पहला तथा बबीता बिरूली ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
गेड़ी दौड़ के बालक वर्ग में विनीत कुदादा विजेता बने, जबकि प्रदीप बोदरा दूसरे स्थान पर रहे। गुलेल प्रतियोगिता के बालक वर्ग में चरणजीत मुर्मू ने पहला और साहब राम बास्के ने दूसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में बबीता बिरूली विजेता रहीं और चायना गोप दूसरे स्थान पर रहीं।
तीरंदाजी प्रतियोगिता के बालक वर्ग में प्रीतम माहली ने प्रथम और राहुल कर्मकार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में कृतिका प्रमाणिक विजेता बनीं, जबकि सुखराज कौर दूसरे स्थान पर रहीं।
वॉलीबॉल के बालक वर्ग में बजरंग स्पोर्ट्स की टीम ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि जीआरडी ट्रेनिंग सेंटर की टीम उपविजेता रही। बालिका वर्ग में संको साईं की टीम विजेता बनी और डीबीएमएस वॉलीबॉल डे बोर्डिंग सेंटर की टीम दूसरे स्थान पर रही। हॉकी प्रतियोगिता के बालक और बालिका दोनों वर्गों में बिरसा स्टार की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार, 21 नवंबर को फुटबॉल के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। वहीं, विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी 23 नवंबर को होने वाली प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में पूर्वी सिंहभूम जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य झारखंड की समृद्ध जनजातीय एवं पारंपरिक खेल संस्कृति को संरक्षित और प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने तथा युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और शारीरिक दक्षता विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur News : 26 नवंबर को जमशेदपुर में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, सायरन बजते ही शुरू होगा बचाव अभियान




