Jamshedpur (Jharkhand) : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम चेन छिनतई ( Sidgora Chain Snatching) की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बागुन नगर इलाके में रहने वाली एक महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। फरार होते समय बदमाशों में से एक ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन अचानक हुई फायरिंग के कारण लोग डरकर पीछे हट गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, जिस महिला से चेन (Sidgora Chain Snatching) छीनी गई है वह बागुनहातू की रहने वाली है। वह सब्जी खरीदने बाजार गई थी और लौटते समय सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – मानगो नगर निगम चुनाव: कांग्रेस में बगावत तेज, नए जिला अध्यक्ष पर उठे सवाल
वहीं, इलाके के लोगों में घटना को लेकर नाराजगी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं और शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।




