Jamshedpur (Jharkhamd) : जमशेदपुर पुलिस ने जुगसलाई थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस ने कुख्यात तड़ीपार अपराधी और कथित ड्रग्स तस्कर मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया (Jugsalai Crime) है। आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन, छह जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया गया है। मामले में आर्म्स एक्ट, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (JCCA) के तहत अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई (Jugsalai Crime) है।
पुल के नीचे हत्या की योजना बना रहे थे बदमाश
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गरीब नवाज कॉलोनी के पास खरकई नदी पर बने रेलवे पुल के नीचे मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ अपने साथियों के साथ हथियारों के बल पर मो. निजाम की हत्या की योजना बना रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
छापेमारी के दौरान रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में मो. शहजादा के पास से एक देसी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के बाद पुलिस ने ईदगाह मैदान के पास से गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को भी पकड़ लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
दो देशी पिस्टल बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शिव घाट स्थित रिसाइक्लिंग प्लांट के पास छिपाकर रखा गया एक और देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं पटनहिया मोहल्ला मैदान के किनारे से एक जिंदा गोली और एक फायर किया हुआ खोखा भी मिला। जांच में यह भी सामने आया कि 19 जुलाई को इसी स्थान पर जानलेवा नीयत से फायरिंग की गई थी।
पूछताछ में मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ ने बताया कि पहले वह मो. निजाम का साथी था। ब्राउन शुगर के कारोबार में करीब 15 से 16 लाख रुपये के लेनदेन और निजी विवाद के कारण दोनों के बीच दुश्मनी हो गई थी। पुलिस के अनुसार, जेल में रहने के दौरान उसकी प्रेमिका निखत परवीन उर्फ पूजा ने मो. निजाम से शादी कर ली थी, जिसके बाद उसने हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी।
शहजादा और निज़ाम में था पुराना विवाद
वहीं मो. शहजादा ने पूछताछ में बताया कि उसका भी मो. निजाम से पुराना विवाद था। उसने आरोप लगाया कि निजी और पारिवारिक कारणों से उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं। जेल से छूटने के बाद वह खुर्शीद के गिरोह के संपर्क में आया और हथियार खरीदने में सहयोग किया।
पुलिस ने इस मामले में मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़, मो. शहजादा, मो. इकबाल, अरसिल शेख उर्फ अस्तर, मो. रिजवान उर्फ कैफ, मो. फैसल उर्फ अरमान, आफताब खान उर्फ गिडुआ बच्चा, मो. अरबाज खान, मो. सितारे तथा एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।
इसे भी पढ़ें – एमजीएम अस्पताल के पास रंगदारी और पुलिस पर हमला मामले में दो FIR, आरोपी नंदू लोहार गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, दुष्कर्म सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। जिला बदर होने के बावजूद जिले में प्रवेश कर अपराध की साजिश रचने के आरोप में उसके खिलाफ झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (JCCA) के तहत भी अलग मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।




