राज्यपाल संतोष गंगवार ने किया चैंबर के प्लेटिनम जुबिली कार्यक्रम का उद्धाटन
Jamshedpur : (Jamshedpur news)राज्यपाल संतोष गंगवार ने शनिवार को बिष्टुपुर में सिंहभूम चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के प्लेटिनम जुबिली समारोह का उद्धाटन किया। इस मौके पर बोलते हुए राज्यपाल ने कहा कि हमारा राज्य झारखंड उद्योग के क्षेत्र में आगे है मगर हायर एजुकेशन के क्षेत्र में पीछे है। उन्होंने उद्यमियों से अपील की है कि वह हायर एजुकेशन के क्षेत्र में निवेश करें ताकि झारखंड उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी शिखर पर पहुंचे और हमारे स्टुडेंट्स को हायर एजुकेशन के लिए दूसरे राज्यों का मुंह नहीं देखना पड़े। राज्यपाल ने सामाजिक क्षेत्र में काम करने के लिए सिंहभूम चैंबर ऑफ इंडस्ट्री की सराहना की। (Jamshedpur News)
राज्यपाल ने कहा कि सिंहभूम चैंबर ऑफ इंडस्ट्री झारखंड की एक प्रभावशाली संस्था बन कर उभरी है। इस संस्था ने झारखंड में औद्योगिक इतिहास की दशा और दिशा बदली है। 775 साल पूरे करने की यह उपलब्धि साधारण नहीं है बल्कि इसमें संस्था की आत्मा झलकती है। राज्यपाल ने कहा कि जमशेदपुर इस्पात या औद्योगिक नगरी के रूप में ही नहीं जाना जाता बल्कि यहां का सामाजिक ताना बाना भी बेहद मजबूत है। टाटा ने शहर को न केवल औद्योगिक क्षेत्र में शिखर पर पहुंचाया बल्कि कौशल विकास के क्षेत्र में भी इसे बेजोड़ बनाया है।
राज्यपाल ने कहा कि भारत विश्च की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। अब नंबर वन बनने के लिए तेजी से अग्रसर है। इस माहौल में चैंबर ऑफ कामर्स की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। भारत को विश्व की आर्थिक शक्ति बनाने में झारखंड का अहम रोल है। यहां लोहा, कोयला समेत अन्य खनिज प्रचुर मात्रा में हैं। राज्यपाल ने चैंबर से आहवान किया कि वह उद्योग के क्षेत्र के अलावा सामाजिक क्षेत्र में भी और बेहतर काम करे। शिक्षा के क्षेत्र में भी निवेश हो। झारखंड में उच्च शिक्षा के लिए बड़े बड़े कॉलेज खोले जाएं जहां छात्रों को रोजगार परक शिक्षा मिले।
इसके पहले चैंबर ऑफ कामर्स पहुंचने पर राज्यपाल का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। राज्यपाल ने दीप जला कर कार्यक्रम का आगाज किया। इसके बाद चैंबर के सामाजिक क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया।
