Jamshedpur (Jharkhand) : शहर के मानगो इलाके में दिनदहाड़े चोरी (Mango Theft) की एक बड़ी घटना सामने आई है। उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 स्थित विश्वनाथ ज्वेलर्स दुकान से एक युवक करीब 23 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहनों से भरा डिब्बा लेकर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद (Mango Theft) हो गई है।
मंगलवार दोपहर एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा और गहने दिखाने की मांग करने लगा। उस समय दुकान मालिक का बेटा काउंटर पर मौजूद था। युवक ने बातचीत में उसे उलझाए रखा और मौका पाकर गहनों से भरा बॉक्स चुपचाप लेकर दुकान से निकल गया।
दुकान मालिक विश्वनाथ के अनुसार, वह किसी काम से बाहर गए थे। उनके अनुपस्थित रहने का फायदा उठाकर युवक ने वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक एक दिन पहले सोमवार को भी दुकान पर आया था और गहनों की जानकारी लेकर रेकी की थी।
बताया जा रहा है कि चोरी हुए गहनों का वजन करीब 170 ग्राम है, जिसकी कीमत लगभग 23 लाख रुपये आंकी गई है।
इसे भी पढ़ें – झारखंड में गठबंधन धर्म पर बयानबाज़ी से बढ़ा तनाव, सुप्रियो भट्टाचार्य के बयान पर कांग्रेस के रईस रिज़वी की कड़ी आपत्ति
घटना की सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। फुटेज में युवक को गहने देखते और बॉक्स लेकर निकलते साफ देखा जा सकता है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी और चोरी गए गहनों की बरामदगी भी की जाएगी।
पुलिस अब तक चोर का पता नहीं लगा पाई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से निकली चोर की तस्वीर मुखबिरों के बीच पहुंचा दी गई है। जल्द ही चोर का पता लगा कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




