Jamshedpur (Jharkhand) : झारखंड की सियासत में एक बार फिर गठबंधन सहयोगियों के बीच बयानबाज़ी (Jharkhand Congress) को लेकर तकरार सामने आई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य द्वारा कांग्रेस के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस और सार्वजनिक मंचों से दिए गए बयानों पर कांग्रेस (Jharkhand Congress) ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है।
कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष रईस रिज़वी छब्बन ने कहा कि इस तरह के बयान गठबंधन धर्म के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब कोई दल गठबंधन का हिस्सा होता है, तो आपसी सम्मान, संयम और समन्वय बेहद जरूरी हो जाता है। इस प्रकार की सार्वजनिक टिप्पणियां न केवल सहयोगी दलों के बीच असहजता पैदा करती हैं, बल्कि कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच भी गलत संदेश देती हैं।
रईस रिज़वी छब्बन ने कहा कि सुप्रियो भट्टाचार्य जैसे वरिष्ठ नेता से अपेक्षा की जाती है कि वे संयम बरतें और गठबंधन की गरिमा को बनाए रखें। उन्होंने मतभेद और मनभेद के बीच अंतर बताते हुए कहा कि राजनीतिक असहमति स्वाभाविक है, लेकिन व्यवहार ऐसा होना चाहिए कि आमने-सामने मिलने पर किसी को असहजता महसूस न हो।
रईस रिज़वी ने मुस्लिम मतदाताओं को लेकर दिए गए कथित बयानों की भी कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि झारखंड में मुस्लिम समाज दूसरी सबसे बड़ी आबादी है और उसकी अपनी सामाजिक-राजनीतिक अहमियत है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
इसे भी पढ़ें – चाईबासा महिला कॉलेज में ईद मिलन पर अफवाह, बवाल होते-होते टला; साजिशकर्ताओं की तलाश शुरू
उन्होंने आगे कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन उन्हें व्यक्त करने का तरीका और मंच मर्यादित होना चाहिए। गठबंधन की मजबूती बयानबाज़ी से नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सम्मान और मर्यादा से तय होती है।




