News Bee : पश्चिम एशिया में जारी युद्ध (Iran Israel US War) अब खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। ईरान ने इसराइल के दक्षिणी शहर डिमोना पर मिसाइल हमला कर दिया है। यह ईरान के नतांज शहर पर हुए हमले का जवाब है। इसराइल लगातार युद्ध (Iran Israel US War) में हालात और गंभीर करता जा रहा है। डिमोना में यह हमला वहां हुआ जहां इसराइल का संवेदनशील परमाणु केंद्र शिमोन पेरेस नेगेव न्यूक्लियर रिसर्च सेंटर स्थित है।
शनिवार की रात दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल ने नेगेव रेगिस्तान में एक इमारत को और डिमोना परमाणु संयंत्र को निशाना बनाया। इस हमले में अब तक 51 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें एक बच्चे की हालत गंभीर है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें जोरदार धमाके और आग के गुबार देखे जा सकते हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वायरल वीडियो में दिख रही इमारत वही है जो हमले में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई। हमले के तुरंत बाद राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इजरायल की आपातकालीन सेवाएं लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
यह हमला इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने किया है। आईआरजीसी ने इसे नतांज परमाणु केंद्र पर हुए हमले का बदला बताया है।
गौरतलब है कि इससे पहले नतांज परमाणु सुविधा को निशाना बनाए जाने की खबर आई थी। हालांकि, इसराइल ने इस हमले में अपनी भूमिका से इनकार किया है। वहीं अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने कहा है कि नतांज में किसी तरह का रेडिएशन खतरा नहीं पाया गया।
इसे भी पढ़ें – ईरान ने अपनी इंटरसेप्टर मिसाइल से इसराइल का तीसरा F-16 लड़ाकू विमान गिराया, बौखलाया इसराइल
विशेषज्ञों का मानना है कि इसराइल में परमाणु ठिकानों के आसपास बढ़ती सैन्य गतिविधियां वैश्विक चिंता का कारण बन सकती हैं। ईरान और इसराइल के बीच बढ़ता टकराव अब बड़े क्षेत्रीय युद्ध का रूप ले सकता है। इसका असर अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और राजनीति पर भी पड़ना तय माना जा रहा है।




