Jamshedpur : गोविंदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार देर रात एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार (Jamshedpur Crime) किया। पुलिस को रात 22:05 बजे सूचना मिली थी कि काली मंदिर के पास पहाड़ के नीचे नए रास्ते के पास जंगल में कुछ युवक किसी बड़ी वारदात की योजना बनाने के लिए जुटे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर और पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाकर छापेमारी (Jamshedpur Crime ) शुरू की गई।
टीम जब जंगल क्षेत्र में पहुंची, तो तीन युवक आपस में झगड़ते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से देसी कट्टा और आठ एमएम की एक गोली मिली। साथ ही चोरी के सोने-चांदी के गहने, छह मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए गए। सभी सामान जब्त कर तीनों को थाने लाया गया।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में JIMS–SIMS की नई साझेदारी, खुला इनफॉर्मेशन सेंटर और आउटरीच क्लिनिक, झारखंड के मरीजों को मिलेगा सुपरस्पेशियलिटी इलाज
जांच में मुख्य आरोपी सैयद अजहर इमाम उर्फ अजहर इमाम उर्फ पी एम उर्फ पॉकेटमार का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया। उसके खिलाफ कुल 11 मामले दर्ज हैं और वह पांच मामलों में वांछित था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बिष्टुपुर से 13.95 ग्राम सोना और जुगसलाई से आठ ग्राम से अधिक वजन वाले सोने के झुमके बरामद किए। पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से मानगो, बिष्टुपुर, गोविंदपुर और सोनारी क्षेत्र में हुई कई चोरी और छिनतई की घटनाओं का खुलासा संभव है।
गिरफ्तार युवकों की पहचान जुगसलाई निवासी सैयद अजहर इमाम, आजाद नगर के असदउल्ला और समीर खान के रूप में हुई है। उनके पास से देसी कट्टा, गोली, चांदी का पायल, चांदी का कमरबंद, सोने के गहने और अन्य सामान बरामद किए गए। गोविंदपुर थाना में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।




