Jamshedpur : बिरसानगर में पिस्टल की नोंक पर हुई बड़ी लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में 10 नवंबर को हुई इस वारदात में परसुडीह के रहने वाले दो बदमाश अजीत बेहरा और बाबू सरदार उर्फ नेपू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इनके पास से लूट की नकदी, देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, घटना में इस्तेमाल स्कूटी और अन्य सामान बरामद किया है। पीड़ित पंकज कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बिरसानगर जोन नंबर 11 स्थित उनकी कंपनी विश्वकर्मा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड से पिस्टल दिखाकर 10.25 लाख रुपये और दो मोबाइल फोन लूट लिए गए। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों का सुराग निकाला।
जांच में सामने आया कि कंपनी में वेल्डर के तौर पर काम कर रहा अजीत बेहरा ही इस वारदात का मास्टरमाइंड था। उसे मजदूरों की वेतन तिथि की पूरी जानकारी थी। इसी आधार पर उसने अपने साथियों अजय सिंह उर्फ मोटा, सूरज कांरवा और बाबू सरदार के साथ लूट की योजना बनाई और 10 नवंबर को घटना को अंजाम दिया। लूटी गई रकम को चारों ने करीब 1.15 लाख रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से बांट लिया।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में दिनदहाड़े 10 लाख की लूट, पिस्टल तानकर बदमाशों ने टाटा मोटर्स वेंडर ऑफिस से उड़ाए लेबर पेमेंट के रुपये
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 1,23,000 रुपये बरामद किए।अजीत बेहरा से 45,000 रुपये और बाबू सरदार से 78,000 रुपये। अजीत के घर से देसी कट्टा व दो जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल होंडा स्कूटी (झ05डीक्यू-4917), हेलमेट और लूट के पैसों से खरीदा गया सैमसंग मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से मोबाइल के सिम कार्ड अलग कर सुनसान जगह में फेंक दिए थे। पुलिस के अनुसार, अजय सिंह उर्फ मोटा और सूरज कांरवा अब भी फरार हैं। दोनों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।




