Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर से एक गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। बैंक ऑफ इंडिया, तामुलिया शाखा के हेड कैशियर श्री जे.डी. यादव की सुपुत्री अंकिता यादव (Jamshedpur Girl Success) ने संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 3 प्राप्त कर भारतीय सेना में अधिकारी पद के लिए चयनित होकर पूरे क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन किया है।
अंकिता यादव (Jamshedpur Girl Success) शीघ्र ही चेन्नई में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन दिया जाएगा, जहां वे देश सेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगी।
इस उपलब्धि पर ऑल इंडिया यादव महासभा की महिला विंग की अध्यक्ष अनीता यादव एवं सैन्य मातृशक्ति जमशेदपुर द्वारा अंकिता यादव को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके माता-पिता को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग और समर्पण सबसे अहम होता है।
अंकिता यादव की मेहनत, लगन और अथक प्रयास ने न सिर्फ उनके परिवार और समाज, बल्कि पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है। बताया गया कि वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से संबंध रखती हैं और झारखंड की उन चुनिंदा महिला उम्मीदवारों में शामिल हैं जिन्होंने CDS के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। यह उपलब्धि खासकर युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
इसे भी पढ़ें – बर्मामाइंस में लकड़ी गोदाम में भीषण आग, गार्ड की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना
इस खास उपलब्धि के उपलक्ष्य में 24 मार्च को श्रृष्टि गार्डन, ई-ब्लॉक 104 (विजया गार्डन के समीप), जमशेदपुर में सम्मान समारोह एवं मिठाई वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों ने सम्मानित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों और शुभचिंतकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर अंकिता यादव को शुभकामनाएं देने की अपील की है।




