Jamshedpur (Jharkhand) : बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित आस्था ट्विन सिटी सोसाइटी (Jamshedpur Astha Twin City) में शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब नाराज निवासियों ने बिल्डर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि मेंटेनेंस शुल्क तो नियमित रूप से वसूला जा रहा है, लेकिन बदले में बुनियादी सुविधाएं तक मुहैया नहीं कराई जा रही हैं।
गुस्साए निवासियों ने विरोध जताते हुए (Jamshedpur Astha Twin City) सोसाइटी के मुख्य गेट को जाम कर दिया और जोरदार प्रदर्शन किया। गेट जाम होने से आने-जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सोसाइटी में रहने वाले लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से बिल्डर की मनमानी का सामना कर रहे हैं। हर महीने मेंटेनेंस फीस देने के बावजूद साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और अन्य जरूरी सुविधाओं की हालत बेहद खराब है। कई बार शिकायत करने के बावजूद सिर्फ आश्वासन मिला, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रदर्शन कर रहे एक निवासी ने बताया, “हम लोग समय पर मेंटेनेंस देते हैं, लेकिन यहां न सफाई होती है, न सुरक्षा है और न ही कोई सुविधा ठीक से मिल रही है। बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही, इसलिए मजबूर होकर हमें सड़क पर उतरना पड़ा।”
वहीं, महिलाओं ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि वे बेहतर और सुरक्षित जीवन की उम्मीद में यहां रहने आए थे, लेकिन हालात बदतर होते जा रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें – लेट गोल्स से चमका जमशेदपुर एफसी, एफसी गोवा को 2-0 से हराकर आईएसएल में टॉप पर पहुंची टीम
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की। पुलिस ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की और बिल्डर प्रबंधन से बातचीत कर जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।




