न्यूज़ बी रिपोर्टर, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह लिट्टी चौक के पास मंगलवार की दोपहर एक ट्रेलर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में बागुनहातू का रहने वाला 19 वर्षीय बाइक सवार चिरंजीवी गंभीर रूप से घायल हो गया था।

उसे इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था। जहां मंगलवार की रात चिरंजीवी ने दम तोड़ दिया। चिरंजीवी की मौत के बाद इलाके के लोग आक्रोशित हो गए और भुइयांडीह में सड़क जाम कर दी। हंगामा बढ़ने लगा। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सीतारामडेरा थाना प्रभारी अखिलेश्वर मंडल छुट्टी में थे। इस वजह से आला अधिकारियों के आदेश पर सिदगोड़ा थाना प्रभारी रंजीत कुमार मौके पर पहुंच गए।
रंजीत कुमार ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया और जल्दी ट्रेलर चालक को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजनों ने जाम हटा लिया। सिदगोड़ा थाना प्रभारी ने कार्रवाई करते हुए ट्रेलर को टीमकेन कंपनी जाने वाली सड़क से बरामद कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। परिजनों का कहना है कि चिरंजीवी ट्यूशन पढ़ने गया था। वहां से वह होंडा शाइन बाइक से घर लौट रहा था। तभी ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी और रौंदता हुआ निकल गया।




