Ramon Magsaysay Winner Jamshedpur : सिविल सोसाइटी फोरम के सेमिनार में पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर मंथन, टाटा स्टील की पर्यावरणीय शर्तों के अनुपालन की निष्पक्ष जांच की उठी मांग
Jamshedpur : औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में बढ़ते प्रदूषण और उसके नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे असर को लेकर अब कानूनी लड़ाई के साथ जनआंदोलन की जरूरत महसूस की जा रही ( Ramon Magsaysay Winner Jamshedpur ) है। देश के प्रख्यात पर्यावरणविद् और ‘वॉटरमैन ऑफ इंडिया’ के नाम से मशहूर रेमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित राजेंद्र सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। विकास की प्रक्रिया प्रकृति और मानव स्वास्थ्य की कीमत पर नहीं (Ramon Magsaysay Winner Jamshedpur) होनी चाहिए।
वे मंगलवार को साकची स्थित होटल कैनेलाइट में जमशेदपुर सिविल सोसाइटी फोरम की ओर से आयोजित एक दिवसीय सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। सेमिनार का विषय ‘जमशेदपुर का पर्यावरण, जनस्वास्थ्य एवं नागरिक दायित्व’ था। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने की।
प्रदूषण के खिलाफ व्यापक अभियान की तैयारी
फोरम के संयोजक रियाज शरीफ ने स्वागत भाषण में कहा कि जमशेदपुर की औद्योगिक पहचान के साथ नागरिकों को स्वच्छ हवा, साफ पानी और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना भी जरूरी है। शहर में वायु प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण और औद्योगिक कचरे की समस्या लगातार चिंता बढ़ा रही है। इसका सीधा असर आम लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि फोरम इन समस्याओं से जुड़े तथ्य और दस्तावेज जुटा रहा है। संबंधित सरकारी विभागों और संस्थानों के समक्ष भी मामले उठाए जा रहे हैं। टाटा स्टील के पर्यावरणीय अनुपालन से जुड़े मुद्दों पर कानूनी पहल की जा रही है। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) का रुख किया जाएगा।
रियाज शरीफ ने स्पष्ट किया कि फोरम किसी उद्योग के खिलाफ नहीं है, बल्कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरणीय नियमों के पालन और नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा चाहता है। इसके लिए आने वाले दिनों में जनजागरूकता अभियान चलाने और व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने की योजना है।
प्रदूषण से बढ़ रही स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां
पर्यावरण एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता अरवीन अंजुम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकारी विभागों के साथ नागरिक संगठनों और आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है।
चिकित्सक डॉ. राशिद इकबाल ने प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि दूषित हवा के कारण सांस संबंधी बीमारियां, एलर्जी और दूसरी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ सकती हैं। औद्योगिक शहर होने के कारण जमशेदपुर में प्रदूषण की नियमित और पारदर्शी निगरानी होनी चाहिए।
नदियों और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा जरूरी : राजेंद्र सिंह
मुख्य वक्ता राजेंद्र सिंह ने नदियों, जलस्रोतों, जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास और स्थानीय स्तर पर मजबूत जनभागीदारी जरूरी है।
उन्होंने जमशेदपुर सिविल सोसाइटी फोरम को इस दिशा में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिया। उनका कहना था कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल कानूनी प्रक्रियाओं पर निर्भर रहने के बजाय लोगों को भी संगठित करना होगा।
टाटा स्टील की पर्यावरणीय शर्तों के अनुपालन का मुद्दा उठा
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण में जीवन जीना नागरिकों के जीवन और स्वास्थ्य के अधिकार का हिस्सा है। पर्यावरणीय स्वीकृति और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शर्तों का पालन करना औद्योगिक प्रतिष्ठानों की कानूनी जिम्मेदारी है।
उन्होंने टाटा स्टील लिमिटेड से संबंधित पर्यावरणीय स्वीकृतियों और झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी अनापत्ति प्रमाण पत्र की शर्तों का उल्लेख किया।
अखिलेश श्रीवास्तव के अनुसार, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ज्ञापन संख्या 1671, दिनांक 1 अप्रैल 2008 में खरकई और स्वर्णरेखा नदियों में डाले गए स्लैग को हटाने, जुगसलाई मक्क डंप का पुनरुद्धार करने और जमीन का पुनः उपयोग सुनिश्चित करने जैसी शर्तें शामिल थीं। इसके अलावा स्वर्णरेखा नदी बेसिन के पानी की गुणवत्ता को निर्धारित मानकों के अनुरूप क्लास-ए स्तर तक लाने का भी प्रावधान था।
उन्होंने पर्यावरणीय स्वीकृति में निर्धारित अन्य शर्तों का भी उल्लेख किया। इनमें ऑनलाइन परिवेशीय वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली स्थापित करना, प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों का संचालन, PM10 और PM2.5 के स्तर में कमी लाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तथा 33 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में हरित पट्टी विकसित करना शामिल है।
उन्होंने इन शर्तों के वास्तविक अनुपालन की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित सरकारी एजेंसियों से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वालों को किया सम्मानित
सेमिनार के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन, वृक्षारोपण, प्रदूषण नियंत्रण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के क्षेत्र में काम करने वाले संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
इस क्रम में ग्रीन केयर फाउंडेशन को पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों के लिए सम्मान दिया गया। जीएनआरएफ (ख्वाजा गरीब नवाज फाउंडेशन) के प्रतिनिधियों को वृक्षारोपण और हरित वातावरण तैयार करने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
पर्यावरण कार्यकर्ता सुमित कर को सिलिकोसिस प्रभावित लोगों के लिए लंबे समय से किए जा रहे कार्यों, जबकि जल विशेषज्ञ सैयद मंसूर अली को वेस्ट वाटर मैनेजमेंट और जल संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
जमशेदपुर के पैडमैन के नाम से प्रसिद्ध तरुण कुमार को स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता और गौरव आनंद को प्लास्टिक कचरे के पुनः उपयोग तथा वेस्ट प्लास्टिक से सड़क निर्माण के प्रस्ताव पर किए जा रहे प्रयासों के लिए सम्मान मिला।
वहीं, वन अधिकार मंच के प्रतिनिधि बृहस्पति सिंह और किंकर महतो को वन अधिकारों एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए साझा मंच बनाने का संकल्प
सेमिनार में जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न सामाजिक एवं पर्यावरणीय संगठनों को साझा मंच पर लाने का संकल्प लिया गया। तय किया गया कि प्रदूषण के खिलाफ वैज्ञानिक तथ्यों, कानूनी प्रावधानों और जनभागीदारी के आधार पर अभियान चलाया जाएगा।
फोरम की ओर से कहा गया कि जमशेदपुर का औद्योगिक विकास तभी सार्थक होगा, जब इसके साथ पर्यावरण संतुलन, नागरिकों का स्वास्थ्य और आने वाली पीढ़ियों का सुरक्षित भविष्य भी सुनिश्चित हो।
इसे भी पढ़ें – Ranchi Nisha Bhagat Case : निशा भगत मामले में CBI करेगी जांच




